
देहरादून: उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा इस वर्ष सफलता के नए कीर्तिमान रचने की ओर अग्रसर है। श्रद्धालुओं के उत्साह और सुगम व्यवस्थाओं के चलते दर्शनार्थियों की कुल संख्या अब तक 12.60 लाख के पार पहुंच गई है। देवभूमि के चारों धामों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है, जो राज्य की आर्थिकी और धार्मिक पर्यटन के लिए एक शुभ संकेत है।
केदारनाथ में आस्था का महाकुंभ
इस यात्रा में सबसे अधिक आकर्षण का केंद्र बाबा केदार का धाम बना हुआ है। पिछले मात्र 22 दिनों के भीतर 5 लाख 23 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने केदारनाथ मंदिर में दर्शन किए हैं। अकेले बीते बुधवार की बात करें, तो एक ही दिन में 80 हजार से अधिक भक्तों ने चारों धामों में दर्शन कर नया रिकॉर्ड बनाया। भारी भीड़ के बावजूद प्रशासन की मुस्तैदी से दर्शन की प्रक्रिया सुचारू बनी हुई है।
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं यात्रा की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। उनके कुशल यात्रा प्रबंधन ने देशभर से आने वाले तीर्थयात्रियों का विश्वास जीता है। पंजीकरण की व्यवस्था से लेकर स्वास्थ्य सुविधाओं और सड़क मार्ग की सुरक्षा तक, सरकार ने हर मोर्चे पर पुख्ता इंतजाम किए हैं। यात्रियों का कहना है कि सुव्यवस्थित कतारों और बेहतर सुविधाओं के कारण वे सुगमता से दर्शन कर पा रहे हैं।
मौसम और सुरक्षा पर पैनी नजर
चारधाम क्षेत्र उच्च हिमालयी क्षेत्र होने के कारण यहाँ मौसम का मिजाज पल-पल बदलता रहता है। मुख्यमंत्री धामी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि खराब मौसम की स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा से कोई समझौता न किया जाए। शासन और प्रशासन पल-पल की वेदर रिपोर्ट पर नजर बनाए हुए है, ताकि किसी भी विपरीत परिस्थिति में तत्काल राहत पहुंचाई जा सके।









