यूपी में आसमान से बरस रही आग,48.2°C के साथ बांदा रहा एशिया का सबसे गर्म शहर,39 जिलों में भीषण लू का अलर्ट

लखनऊ: उत्तर प्रदेश इस समय भीषण और जानलेवा गर्मी की चपेट में है। चिलचिलाती धूप और लू (Heatwave) के थपेड़ों से आम जनजीवन पूरी तरह बेहाल हो चुका है। मौसम विभाग से मिले आंकड़ों के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के 22 जिलों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया है। सबसे चौंकाने वाली स्थिति बांदा जिले की रही, जो कल 48.2 डिग्री अधिकतम तापमान के साथ पूरे एशिया का सबसे गर्म शहर रिकॉर्ड किया गया।

प्रमुख शहरों में तापमान का तांडव
बुंदेलखंड और पश्चिमी यूपी में गर्मी ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। झांसी और आगरा में तापमान 46.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि संगम नगरी प्रयागराज में पारा 45.8 डिग्री और दिल्ली से सटे गाजियाबाद में 44.3 डिग्री दर्ज किया गया। राजधानी लखनऊ भी इस तपिश से अछूती नहीं रही, यहाँ भी तापमान 40 डिग्री के पार बना हुआ है। दोपहर के समय चल रही गर्म हवाओं के कारण सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ है।

रात में भी नहीं राहत, वॉर्म नाइट का अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के 39 जिलों में कल तक के लिए भीषण लू (Severe Heatwave) का रेड/ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही, 13 जिलों में ‘वॉर्म नाइट’ (गर्म रात) का भी ऑरेंज अलर्ट है, जिसका मतलब है कि लोगों को दोपहर में लू के थपेड़ों के साथ-साथ रात में भी गर्म हवाओं और उमस का सामना करना पड़ेगा। प्रशासन ने लोगों को दोपहर के समय बेवजह घरों से बाहर न निकलने और हाइड्रेटेड रहने की सलाह दी है।

Related Articles

Back to top button