सीतापुर में पति ने गर्भवती पत्नी की हत्या कर की आत्महत्या,मायके पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप

सीतापुर: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले से एक बेहद सनसनीखेज और रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ थानगांव थाना क्षेत्र के इसरौली गांव में एक पति ने अपनी गर्भवती पत्नी की बांके (धारदार हथियार) से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी और इसके बाद खुद भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस दोहरे हत्याकांड और खुदकुशी की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

सो रही गर्भवती पत्नी पर किए ताबड़तोड़ वार
मिली जानकारी के मुताबिक, इसरौली गांव के रहने वाले दीपक का अपनी पत्नी छाया से विदाई को लेकर काफी समय से मनमुटाव चल रहा था। हाल ही में दोनों पक्षों में सुलह होने के बाद छाया अपने ससुराल वापस आई थी। लेकिन बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात दीपक ने सोते समय अपनी गर्भवती पत्नी छाया पर बांके से ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे छाया की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई। पत्नी की हत्या करने के बाद आरोपी पति दीपक ने भी कमरे में फांसी का फंदा बनाकर अपनी जान दे दी।

मायके पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप
सुबह जब ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई, तो तुरंत थानगांव थाना पुलिस को सूचित किया गया। मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस बीच, मृतका छाया के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने मृतका के परिजनों की शिकायत पर पति दीपक (मृतक), सास, ससुर और ननद के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button