
लखनऊ: संघ लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित होने वाली देश की सबसे प्रतिष्ठित सिविल सेवा प्रारंभिक (प्रीलिम्स) परीक्षा 2026 को लेकर लखनऊ जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। आगामी 24 मई को होने वाली इस परीक्षा के सफल और शांतिपूर्ण आयोजन के लिए राजधानी में कुल 86 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
परीक्षा को पूरी तरह शुचितापूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए लखनऊ के जिलाधिकारी (DM) विशाख जी ने सभी संबंधित अधिकारियों और मजिस्ट्रेटों को कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा सामग्री को परीक्षा शुरू होने से ठीक एक घंटा पहले हर हाल में परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाना अनिवार्य होगा।
एक दिन पहले परीक्षा केंद्रों का दौरा करेंगे सेक्टर अधिकारी
जिलाधिकारी विशाख जी ने निर्देश दिए हैं कि परीक्षा के लिए नियुक्त किए गए सभी सेक्टर अधिकारी परीक्षा से ठीक एक दिन पहले अपने-अपने आवंटित केंद्रों का भौतिक भ्रमण करेंगे। वे न सिर्फ केंद्र की व्यवस्थाएं देखेंगे, बल्कि वहां तक पहुंचने वाले मार्ग का भी अच्छी तरह जायजा ले लेंगे, ताकि परीक्षा के दिन यातायात या किसी अन्य कारण से परीक्षा सामग्री पहुंचने में कोई देरी न हो और तय समय यानी परीक्षा शुरू होने से एक घंटा पहले सामग्री सुरक्षित पहुंच जाए।
शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में होगी अहम बैठक
परीक्षा की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक तालमेल को अंतिम रूप देने के लिए शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में दो महत्वपूर्ण बैठकें बुलाई गई हैं।
सुबह 11:30 बजे परीक्षा से जुड़े सभी 86 केंद्र व्यवस्थापकों की पहली बैठक होगी। दोपहर 12:30 बजे सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्थानीय पर्यवेक्षक, और अपर पुलिस उपायुक्त-प्रोटोकॉल समेत तमाम प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों की अहम बैठक होगी, जिसमें सुरक्षा खाका तैयार किया जाएगा।
दो पालियों में आयोजित होगी परीक्षा
यूपीएससी सिविल सेवा प्रीलिम्स परीक्षा 2026 का आयोजन 24 मई को दो शिफ्टों में किया जाएगा। प्रथम पाली सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक, दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक होगी।
जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से भी अपील की है कि वे परीक्षा केंद्र पर तय समय से काफी पहले पहुंचें, क्योंकि सुरक्षा जांच और गेट बंद होने की प्रक्रिया यूपीएससी के कड़े नियमों के तहत पूरी की जाएगी।









