सीएम योगी को रिसीव करने के लिए देवरिया डीएम की ‘फर्राटा दौड़’, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल…

देवरिया/लखनऊ। मुख्यमंत्री के आगमन पर रिसीव करने में विलंब का भय किसी अफसर को किस हद तक दौड़ा सकता है, इसका जीता-जागता उदाहरण सामने आया है देवरिया से, जहाँ जिलाधिकारी (DM) मधुसूदन एन. का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में डीएम साहब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हेलीकॉप्टर के उतरने की सूचना मिलते ही हेलीपैड की ओर इस तरह दौड़ते दिखाई दे रहे हैं, मानो जान की बाजी लगा दी हो।

हेलीपैड से दूर थे डीएम, मची खलबली

जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हेलीकॉप्टर के लैंडिंग की सूचना उस समय मिली जब डीएम मधुसूदन हेलीपैड से काफी दूरी पर मौजूद थे। आनन-फानन में प्रोटोकॉल ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों में खलबली मच गई। सीएम के उतरने पर यदि जिले का शीर्ष प्रशासनिक अधिकारी रिसीव करने के लिए मौजूद नहीं मिला, तो क्या हश्र होगा, इसी आशंका के चलते डीएम ने सारी मर्यादाएँ ताक पर रखते हुए पूरी रफ्तार से दौड़ लगा दी।

देखने वालों की उड़ी नींद, ओलंपिक धावक भी रह जाएँ हैरान

वायरल हो रहे इस वीडियो क्लिप में साफ देखा जा सकता है कि कैसे डीएम साहब सफेद कमीज और पैंट में बेतहाशा भागते हुए हेलीपैड की ओर बढ़ रहे हैं। उनकी इस रफ्तार को देख स्थानीय लोग और कर्मचारी अचरज में पड़ गए। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद यूजर्स ने इस पर जमकर मीम्स और चुटकुले बनाने शुरू कर दिए। किसी ने लिखा कि 100 मीटर की रेस के ओलंपिक धावक भी इसे देखकर हैरान रह जाएँगे तो किसी ने तंज किया कि सरकारी नौकरी में ‘समय की पाबंदी’ अपने चरम पर दिखी। फिलहाल यह वीडियो इंटरनेट पर जमकर सुर्खियाँ बटोर रहा है और प्रशासनिक अमले की मानसिकता पर एक बार फिर सवाल खड़े कर रहा है।

Related Articles

Back to top button