नोएडा में महिलाओं पर कैंची से हमला करने वाला सनकी गिरफ्तार, इलाके में दहशत का माहौल हुआ शांत

नोएडा। सेक्टर-58 थाना क्षेत्र में महिलाओं पर हमला करने वाले एक सनकी युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जिसके बाद इलाके में फैली दहशत कम हुई है। बताया जा रहा है कि युवक स्कूटी पर घूमता था और सुनसान रास्तों पर अकेले जा रही महिलाओं को निशाना बनाता था। सनकी युवक पीछे से आकर महिलाओं की कमर के नीचे कैंची से हमला करता और मौके से फरार हो जाता था। लगातार हुई इन घटनाओं से इलाके की महिलाओं में डर का माहौल था, तो वहीं इसे लेकर लोगों में भी नाराजगी थी।

प्राइवेट कंपनी में काम करता था साइको

पुलिस के अनुसार आरोपी ने एक ही दिन में दो महिलाओं पर हमला किया था। वारदात का तरीका बेहद चौंकाने वाला था, जिसकी वजह से लोगों में दहशत फैल गई थी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी एक प्राइवेट कंपनी में काम करता है। फिलहाल, पुलिस उससे पूछताछ कर रही है, ताकि हमले की वजह का पता लगाया जा सके। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या वह पहले भी इस तरह की घटनाओं में शामिल रहा है।

साइको के लिए पुलिस की दो टीमें थीं तैनात

सेक्टर-58 थाना प्रभारी अमित तोमर ने बताया कि महिलाओं की शिकायत मिलने के तुरंत बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की दो टीमें लगाई गई थीं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और दूसरे सुरागों के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया।

हर पहलू की होगी जांच

फिलहाल, पुलिस आरोपी की मानसिक स्थिति और उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी की समय रहते गिरफ्तारी होने से बड़ी वारदात टल गई। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button