कर्नाटक सीएम आज दे सकते हैं इस्तीफा !, डीके शिवकुमार और सिद्धारमैया की बैठक पर टिकी निगाहें

कर्नाटक में मुख्यमंत्री पद को लेकर जारी सियासी हलचल अभी थमती नजर नहीं आ रही है। राज्य में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों के बीच यह ...

कर्नाटक में मुख्यमंत्री पद को लेकर जारी सियासी हलचल अभी थमती नजर नहीं आ रही है। राज्य में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों के बीच यह चर्चा तेज हो गई है कि मुख्यमंत्री सिद्धारमैया गुरुवार 28 मई को अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं। इस बीच डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार सुबह 9 बजे मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के कावेरी स्थित आवास पर आयोजित ब्रेकफास्ट मीटिंग में शामिल होंगे, जिस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में मुख्यमंत्री पद को लेकर बड़ा फैसला सामने आ सकता है। तय कार्यक्रम के अनुसार डीके शिवकुमार गुरुवार सुबह दिल्ली से बेंगलुरु रवाना होंगे और सीधे ब्रेकफास्ट मीटिंग में शामिल होंगे। इसके बाद दोनों नेता बेंगलुरु स्थित पार्टी कार्यालय में भी साथ दिखाई देंगे।

बताया जा रहा है कि राहुल गांधी ने 26 मई को सिद्धारमैया से बातचीत के दौरान कहा कि मुख्यमंत्री पद छोड़ने से पार्टी में उनकी भूमिका कम नहीं होगी। पार्टी को राष्ट्रीय स्तर पर उनकी जरूरत है और वह राज्य में ओबीसी वर्ग के सबसे बड़े नेताओं में शामिल हैं। हालांकि, पार्टी नेतृत्व का मानना है कि आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए अब राज्य में नेतृत्व परिवर्तन का समय आ गया है।

इसी मुद्दे को लेकर मंगलवार को दिल्ली स्थित इंदिरा भवन में कांग्रेस की अहम बैठक हुई। बैठक में राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, महासचिव केसी वेणुगोपाल, कर्नाटक प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला, मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार शामिल हुए।

दरअसल, कर्नाटक में कांग्रेस सरकार के तीन साल पूरे होने के बाद से कैबिनेट फेरबदल और नेतृत्व परिवर्तन की चर्चाएं लगातार जारी हैं। डीके शिवकुमार के समर्थक दावा कर रहे हैं कि 2023 विधानसभा चुनाव के बाद मुख्यमंत्री पद को लेकर ढाई-ढाई साल का कथित समझौता हुआ था।

हालांकि, सिद्धारमैया पहले ही कह चुके हैं कि वह अपना पांच साल का कार्यकाल पूरा करेंगे। वहीं डीके शिवकुमार का कहना है कि वह पार्टी नेतृत्व के हर फैसले का पालन करेंगे। सूत्रों के अनुसार, यदि सिद्धारमैया मुख्यमंत्री बने रहते हैं तो कांग्रेस डीके शिवकुमार के भाई डीके सुरेश को राज्यसभा भेज सकती है।

Related Articles

Back to top button