
लखनऊ। राजधानी के रायबरेली रोड स्थित कल्ली पश्चिम इलाके में बुधवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब अज्ञात बाइक सवारों ने एक प्रॉपर्टी कारोबारी पर ताबड़तोड़ गोलियाँ बरसा दीं। हमले में गंभीर रूप से घायल संदीप सिंह (करीब 40) को उनके ड्राइवर ने बमुश्किल संजय गांधी पीजीआई के एपेक्स ट्रॉमा सेंटर पहुँचाया, जहाँ हालत नाजुक देखते हुए उन्हें वेंटिलेटर पर शिफ्ट कर दिया गया है।
ऑफिस पहुँचते ही हमला, सीढ़ियों पर बरसाई गोलियाँ
जौनपुर जिले के टिकार के मूल निवासी संदीप सिंह लखनऊ में प्रॉपर्टी का कारोबार करते हैं। बुधवार सुबह वह अपने ऑफिस पहुँचे ही थे और सीढ़ियाँ चढ़ रहे थे कि तभी एक बाइक पर सवार बदमाशों ने उन पर तीन से चार राउंड फायरिंग कर दी। गोलियाँ लगते ही संदीप सिंह वहीं गिर पड़े और हमलावर मौके से फरार हो गए।
ड्राइवर की सूझबूझ से पहुँच पाए अस्पताल
घटना के वक्त कारोबारी का ड्राइवर, हरदोई निवासी बिपिन कुमार, मौके पर ही मौजूद था। उसने फौरन लहूलुहान हालत में संदीप सिंह को गाड़ी में डाला और सीधे एपेक्स ट्रॉमा सेंटर की इमरजेंसी में भर्ती कराया। डॉक्टरों के अनुसार, गोलियों के कारण काफी खून बह चुका था, जिसके चलते उनकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है।
पुलिस जुटी हमलावरों की तलाश में
सूचना मिलते ही पीजीआई थाने की पुलिस मौके पर पहुँच गई और जाँच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खँगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान हो सके। शुरुआती जाँच में पुरानी रंजिश या प्रॉपर्टी विवाद से जुड़े एंगल पर भी पुलिस काम कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।









