
अमरोहा: उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के हसनपुर कोतवाली क्षेत्र से एक बार फिर दहेज जैसी सामाजिक कुप्रथा के कारण एक हंसती-खेलती जिंदगी के उजड़ने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ के गांव शाहपुर कला में 24 वर्षीय विवाहिता प्रतिभा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के मायके वाले मौके पर पहुंच गए और उन्होंने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए गला घोंटकर हत्या करने का सीधा आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा काटा।
तीन साल पहले हुई थी शादी, पेट में पल रहा था मासूम
मिली जानकारी के मुताबिक, प्रतिभा की शादी करीब 3 साल पहले शाहपुर कला गांव में हुई थी। सबसे ज्यादा झकझोर देने वाली बात यह है कि मृतका प्रतिभा तीन माह की गर्भवती बताई जा रही है। यानी ससुराल वालों की कथित हैवानियत ने न सिर्फ एक महिला की जान ली, बल्कि एक अजन्मे मासूम को भी दुनिया में आने से पहले ही खत्म कर दिया।
कार और कीमती सामान के लिए प्रताड़ना का आरोप
मायके पक्ष के लोगों का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर प्रतिभा को लगातार शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। कई बार समझाने के बावजूद उनकी प्रताड़ना कम नहीं हुई और अंततः उन्होंने प्रतिभा की जान ले ली। हंगामे की सूचना पर स्थानीय हसनपुर कोतवाली पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले की गहन जांच-पड़ताल और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।









