“बेटी तो बेटी होती है”, अखिलेश की बेटी पर अभद्र टिप्पणी मामले में CM योगी सख्त; बोले- अपमानजनक भाषा बर्दाश्त नहीं

FIR दर्ज करने के दिए तत्काल आदेश; अखिलेश पर तीखा हमला- 'अपने चेलों को भाषा का संयम सिखाइए, नहीं सिखा सकते तो हमारे हवाले कर दीजिए'

आज़मगढ़। समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव की बेटी पर कथित अपमानजनक टिप्पणी के मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बेहद सख्त रुख अपनाया है। आज़मगढ़ में एक जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसी भी बेटी के खिलाफ अपमानजनक भाषा कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा, बेटी तो बेटी होती है। हम संस्कार में पले-बढ़े हैं, हम नारी का सम्मान करना जानते हैं।

जैसे ही मामला संज्ञान में आया, FIR के दिए निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुलासा किया कि जैसे ही अखिलेश यादव की बेटी पर की गई कथित अभद्र टिप्पणी का मामला उनके संज्ञान में आया, उन्होंने बिना कोई देरी किए पुलिस को तत्काल प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं और बेटियों के सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगी।

अखिलेश पर तीखा राजनीतिक प्रहार

इसी मामले को लेकर सीएम योगी ने अखिलेश यादव और उनकी पार्टी पर तीखा राजनीतिक हमला भी बोला। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, अखिलेश जी, अपने चेलों को भी उपदेश दीजिए और उन्हें भाषा पर संयम रखना सिखाइए। जो संस्कार आप दूसरों को देने की बात करते हैं, पहले अपने लोगों को तो वह सिखाइए। मुख्यमंत्री ने अपने लहज़े को और सख्त करते हुए चेतावनी दी, अगर आप अपने लोगों को नहीं समझा सकते, तो उन्हें हमारे हवाले कर दीजिए। हम उन्हें भाषा और संस्कार दोनों सिखाएँगे।

Related Articles

Back to top button