
लखनऊ : मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में आंधी, बारिश और वज्रपात को लेकर चेतावनी जारी की है। मौसम केंद्र लखनऊ के अनुसार, 18 जून तक पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बिजली कड़कने के साथ बारिश और बौछारें पड़ने की संभावना है।
रविवार से सोमवार सुबह तक उत्तर प्रदेश के सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर और बलरामपुर में 50 से 60 km प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की उम्मीद है। आंधी की रफ्तार 70 km प्रति घंटे तक पहुंचने की उम्मीद है। इन जिलों में गरज और बिजली कड़कने का भी खतरा जताया गया है।
वहीं, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, औरैया, जालौन, झांसी, ललितपुर, हमीरपुर और महोबा समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 40 से 50 km प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और बिजली कड़कने के साथ बारिश होने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम में खुली जगहों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने और जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दी है।
32 जिलों में गरज के साथ वज्रपात होने के आसार
सोनभद्र, मीरजापुर, चंदौली, वाराणसी, गाजीपुर, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, जालौन, महोबा, झांसी, ललितपुर और आसपास के इलाकों में गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।









