
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के चर्चित प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह हत्याकांड में यूपी एसटीएफ (STF) को एक बहुत बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। एसटीएफ ने मुस्तैदी दिखाते हुए इस सनसनीखेज हत्याकांड में फरार चल रहे एक लाख रुपये के इनामी अपराधी गंगाराम यादव को देर रात आलमबाग बस स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी गंगाराम यादव मूल रूप से उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले का रहने वाला है।
गौरतलब है कि बीती 27 मई 2026 को लखनऊ के थाना पीजीआई क्षेत्र में बेखौफ बदमाशों ने प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी थी। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद राजधानी की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हुए थे। मामले में थाना पीजीआई में मुकदमा संख्या 291/2026 दर्ज कर तफ्तीश शुरू की गई थी। वारदात की गंभीरता को देखते हुए इसकी जांच एसटीएफ को सौंपी गई थी, जो पहले ही मुख्य साजिशकर्ता समेत दो आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज चुकी है।
एसटीएफ की कड़ाई से हुई पूछताछ में गिरफ्तार इनामी गंगाराम यादव ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने स्वीकार किया कि प्रॉपर्टी डीलर की हत्या के लिए शूटरों की व्यवस्था उसी ने कराई थी। गंगाराम के मुताबिक, उसने मुख्य आरोपी दिनेश कुमार यादव और उसके चालक मुकर्रबीन उर्फ मुबीन के कहने पर शूटरों का इंतजाम करने में मदद की थी। एसटीएफ ने गिरफ्तार आरोपी गंगाराम को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पीजीआई थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया है, जहां से उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेजा जा रहा है।









