मसूरी के होम स्टे में सॉफ्टवेयर इंजीनियर की संदिग्ध मौत, नाक से बह रहा था खून, कमरे से शराब की खाली बोतल बरामद

मसूरी। उत्तराखंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मसूरी में एक सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है, जहाँ एक होम स्टे में 27 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान पी. राधा गायत्री के रूप में हुई है, जो गुरुग्राम की एक आईटी कंपनी में कार्यरत थीं। होटल के कमरे से उनका शव बरामद हुआ, जिसके नाक से खून बह रहा था और शरीर से यूरिन भी निकला हुआ था। बिस्तर और चादर पर खून के धब्बे पाए गए, जबकि कमरे से शराब की एक खाली बोतल भी बरामद हुई है।

पति के साथ घूमने आई थीं, आठ माह पहले हुई थी शादी

जानकारी के अनुसार, राधा गायत्री अपने पति सौम्या श्रीचरण के साथ मसूरी घूमने आई थीं। दोनों की शादी करीब आठ महीने पहले ही हुई थी। पति सौम्या श्रीचरण पुणे की एक आईटी कंपनी में कार्यरत हैं और दोनों ही आईटी प्रोफेशनल हैं। पति ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि जब वह सुबह सोकर उठा तो उसकी पत्नी बिस्तर पर बेसुध अवस्था में पड़ी हुई थी।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल पुलिस ने मामले की गहनता से जाँच शुरू कर दी है और हर एंगल पर पड़ताल की जा रही है। कमरे से मिली शराब की खाली बोतल और शरीर से खून व यूरिन निकलने जैसी परिस्थितियों ने मामले को और रहस्यमयी बना दिया है।

Related Articles

Back to top button