संभल में खुले सेप्टिक टैंक में बच्चे की डूबकर मौत, मां से खेलने जाने की बात कहकर घर से निकला था

संभल : गुन्नौर इलाके में एक दुखद घटना हुई है, जहां घर में बने सेप्टिक टैंक में डूबने से आठ साल के बच्चे की मौत हो गई। घरवाले उसे अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से घर में बड़े भाई की शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।

जाने पूरा मामला

यह घटना गुन्नौर थाना क्षेत्र के अकबरपुर गांव की है। मृतक बच्चे की पहचान विशंभर कुमार के आठ साल के बेटे अजय कुमार के रूप में हुई है। बुधवार शाम करीब 7:30 बजे अजय अपनी मां से लुहान जाने की बात कहकर घर से निकला था।

घर में बने टॉयलेट के सेप्टिक टैंक में गिर गया

जब एक घंटे बाद भी वह घर नहीं लौटा तो घरवालों ने उसे ढूंढना शुरू किया। काफी ढूंढने के बाद पता चला कि वह अजय के घर में बने टॉयलेट के सेप्टिक टैंक में गिर गया है। गांववालों की मदद से उसे बाहर निकाला गया और एक प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। माना जा रहा है कि उसकी मौत सेप्टिक टैंक में हुई है।

बड़े भाई की शादी 1 जुलाई को होनी थी

मृतक अजय के बड़े भाई वेदवीर की शादी 1 जुलाई को होनी थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। शादी से पहले इस घर में पक्का टॉयलेट बनवाया गया था और उसके लिए बने सेप्टिक टैंक में कई दिनों से पानी भरा जा रहा था। टैंक खुला हुआ था।

पिता विशंभर ने बताया कि वह खेती-बाड़ी करके परिवार का गुज़ारा करते हैं। उन्होंने बताया कि अजय शाम को खेलने गया था, लेकिन अंधेरा होने पर जब वह वापस नहीं आया तो उन्होंने उसे ढूंढना शुरू किया। पूरे गांव में ढूंढने के बाद वह घर के सेप्टिक टैंक में डूबा हुआ मिला। इस घटना के बारे में थाने में कोई सूचना नहीं दी गई है।

Related Articles

Back to top button