तीसरी बार दूल्हा बनने जा रहे आमिर खान, गौरी स्प्रैट के साथ शादी को लेकर एक्टर ने दिया बड़ा अपडेट

बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान जल्द ही तीसरी बार शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। एक्टर अपनी गर्लफ्रेंड गौरी स्प्रैट के साथ 5 जुलाई को शादी करेंगे। फैंस यह जानने के लिए काफी उत्सुक हैं कि आमिर खान अपनी शादी को ग्रैंड अंदाज में करेंगे या बेहद सादगी से। अब एक्टर ने खुद अपनी वेडिंग प्लानिंग को लेकर बड़ा अपडेट दिया है।

घर पर होगी सिंपल रजिस्टर्ड शादी

आमिर खान ने बताया कि वह गौरी स्प्रैट के साथ किसी भव्य शादी की बजाय बेहद सिंपल और इंटीमेट वेडिंग करेंगे। एक्टर के मुताबिक, शादी घर पर ही रजिस्टर्ड तरीके से होगी, जिसमें केवल दोनों परिवारों के सदस्य और बेहद करीबी दोस्त शामिल होंगे। आमिर खान ने कहा कि वे और गौरी इस शादी को बहुत ही बेसिक और निजी रखना चाहते हैं।

आमिर खान ने शादी की खबर की थी कंफर्म

इससे पहले आमिर खान ने अपनी शादी की खबर को कंफर्म करते हुए कहा था कि शादी 5 जुलाई को है। उन्होंने यह भी माना कि शादी उनकी पहली प्राथमिकता नहीं थी, लेकिन अब उन्हें और गौरी को लगता है कि वे अपने रिश्ते को अगले स्तर पर ले जाने के लिए तैयार हैं।

शादी की तैयारियों के लिए काम से लिया ब्रेक

रिपोर्ट्स के मुताबिक, शादी में अब कुछ ही दिन बचे हैं, इसलिए आमिर खान ने अपने प्रोफेशनल कामों से ब्रेक ले लिया है। एक्टर फिलहाल अपने बिग डे की तैयारियों पर ध्यान दे रहे हैं।

शादी के बाद ‘3 इडियट्स 2’ पर लौटेंगे आमिर

खबरों के अनुसार, शादी के बाद आमिर खान फिल्ममेकर राजकुमार हिरानी की फिल्म ‘3 इडियट्स 2’ के सेट पर लौट सकते हैं। यह फिल्म साल 2009 की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘3 इडियट्स’ का सीक्वल होगी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म में रैंचो, फरहान और राजू की कहानी को आगे बढ़ाया जाएगा।

‘3 इडियट्स 2’ को लेकर फैंस में एक्साइटमेंट

आमिर खान ने इस प्रोजेक्ट को लेकर ज्यादा जानकारी नहीं दी, लेकिन उन्होंने कहा था कि फिल्म के सभी किरदार अब जिंदगी में आगे बढ़ चुके होंगे। ‘3 इडियट्स’ के सीक्वल की खबर से फैंस काफी उत्साहित हैं। ओरिजिनल फिल्म में आमिर खान के साथ आर. माधवन, शरमन जोशी, करीना कपूर खान और बोमन ईरानी अहम भूमिकाओं में नजर आए थे।

Related Articles

Back to top button