तमिलनाडु में बड़ा हादसा: सीफूड एक्सपोर्ट यूनिट में अमोनिया गैस लीक, 2 कर्मचारियों की मौत; 46 अस्पताल में भर्ती…

तमिलनाडु के तिरुवल्लूर में एक झींगा प्रोसेसिंग सीफूड एक्सपोर्ट यूनिट में अमोनिया गैस लीक होने से 2 लोगों की मौत हो गई और 46 अन्य को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राज्यपाल ने हादसे पर शोक जताया है।

तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले से एक बेहद दर्दनाक और बड़ी खबर सामने आई है। यहाँ पोरियापालयम के पास कनिगईपायर गांव में स्थित ‘सेंट पीटर्स एंड पॉल सीफूड्स एक्सपोर्ट्स’ फैसिलिटी में अमोनिया गैस लीक होने से एक बड़ा हादसा हो गया। इस जहरीली गैस के रिसाव की चपेट में आने से 2 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 46 कर्मचारियों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डाक्टरों के मुताबिक, अस्पताल में भर्ती मरीजों में से 7 लोगों की हालत बेहद नाजुक है और वे वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा झींगा प्रोसेसिंग फैक्ट्री में हुआ। प्रभावित होने वाले अधिकांश कर्मचारी उत्तर भारतीय राज्यों के रहने वाले हैं। गैस लीक होते ही फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। जहरीली अमोनिया गैस के संपर्क में आने के कारण कर्मचारियों को अचानक सांस लेने में गंभीर तकलीफ होने लगी। इसके साथ ही कई लोगों को चक्कर आने, आंखों में जलन और उल्टी जैसे लक्षण महसूस होने लगे। घटना के तुरंत बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। तस्वीरों और वीडियो में प्रभावित कर्मचारियों को आनन-फानन में एम्बुलेंस के जरिए फैक्ट्री से बाहर निकालकर नजदीकी अस्पतालों में ले जाते हुए देखा गया।

इस दुखद हादसे पर तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर ने गहरा शोक व्यक्त किया है। राजभवन की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान में राज्यपाल ने कहा, “तिरुवल्लूर जिले के पेरियापालयम के पास कनिगईपायर गांव में एक झींगा प्रोसेसिंग फैक्ट्री में अमोनिया गैस लीक की दुखद घटना से मुझे गहरा दुख हुआ है। इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में कई लोगों ने अपनी जान गंवाई है और कई कर्मचारी घायल हैं। मैं पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।” फिलहाल प्रशासन ने फैक्ट्री में गैस रिसाव के कारणों का पता लगाने के लिए तकनीकी टीम के साथ जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button