
हरिद्वार : श्यामपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक भयानक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा सुबह करीब 4:30 बजे हुआ, जब नजीबाबाद से हरिद्वार की ओर आ रही टनकपुर डिपो की उत्तराखंड रोडवेज बस (UK07 PA 2812) की माचा से आ रही पिकअप गाड़ी (PB65 BH 7296) से आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप में सवार दो लोग फ्लाईओवर से नीचे गिर गए।
लिस टीमें मौके पर पहुंचीं
सूचना मिलने पर श्यामपुर पुलिस, नाइट ऑफिसर और अन्य पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को 108 एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल हरिद्वार पहुंचाया गया। इलाज के दौरान अहान (18) पुत्र शराफत निवासी बड़ापुर, नजीबाबाद और एक अज्ञात व्यक्ति जिसकी उम्र करीब 35 साल है, की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल शराफत (42) और उनकी पत्नी शबाना (35) को बेहतर इलाज के लिए AIIMS ऋषिकेश रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में शबाना की भी मौत हो गई।
मामले की जांच जारी
अन्नू (18) पुत्र मेहंदी हसन, सोनी लाल (25) पुत्र राम रहीश निवासी हरदोई और शमीम (42) पुत्र हसीनुद्दीन निवासी बिजनौर का जिला अस्पताल हरिद्वार में इलाज चल रहा है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।









