
पुणे के लोहगढ़ किले में केतन अग्रवाल की मौत के मामले में जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, चौंकाने वाले खुलासे सामने आ रहे हैं। ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, केतन से सगाई के बाद सिया गोयल ने अपने ब्वॉयफ्रेंड चेतन चौधरी के साथ गुपचुप तरीके से शादी कर ली थी। पुलिस अब इस ‘सीक्रेट मैरिज’ की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।
रजिस्ट्रार ऑफिस में शादी का दावा
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सिया और चेतन ने कथित तौर पर 4 महीने पहले स्थानीय रजिस्ट्रार ऑफिस में शादी की थी। दावा है कि इस शादी में सिया के कॉलेज के दो दोस्तों ने गवाह के तौर पर हस्ताक्षर किए थे। पुलिस अब उस मैरिज सर्टिफिकेट की तलाश कर रही है, जो इस साजिश का सबसे मजबूत सबूत साबित हो सकता है।
सोशल मीडिया फोटो बनी राज़
जांच में यह भी सामने आया है कि सिया से जुड़े एक प्राइवेट इंस्टाग्राम अकाउंट पर दोनों की शादी की फोटो (माला पहने हुए) पोस्ट की गई थी। हालांकि, विवाद बढ़ने के बाद उस फोटो को डिलीट कर दिया गया। पुलिस अब साइबर सेल की मदद से उन तस्वीरों को रिकवर करने की कोशिश कर रही है। साथ ही, स्पेशल मैरिज एक्ट के तहत आवश्यक ‘पब्लिक नोटिस’ को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस जांच कर रही है कि क्या पब्लिक नोटिस से बचने के लिए किसी बिचौलिए को रिश्वत दी गई थी।
साजिश की आशंका
केतन अग्रवाल और सिया गोयल की शादी इसी साल नवंबर में तय हुई थी। लेकिन 18 जून को लोहगढ़ किले से गिरकर केतन की दर्दनाक मौत हो गई। केतन के परिजनों का आरोप है कि यह महज एक दुर्घटना नहीं, बल्कि एक सोची-समझी साजिश थी, क्योंकि सिया इस शादी को टालना चाहती थी।
पुलिस अब इस एंगल पर भी गौर कर रही है कि क्या केतन का रास्ता साफ करने के लिए ही सिया ने अपनी शादी को छिपाकर रखा था। इस खुलासे ने सिया गोयल और चेतन चौधरी की मुश्किलें काफी बढ़ा दी हैं। पुलिस जल्द ही गवाहों से पूछताछ कर इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।









