
नई दिल्ली: अगर आप ट्रेन से सफर करते समय रात में मोबाइल या पावर बैंक चार्ज पर लगाकर सो जाते हैं, तो यह खबर आपके लिए अहम है। रेलवे बोर्ड ने ट्रेनों में रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक मोबाइल चार्जिंग पॉइंट बंद रखने के नियम का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया है। ऐसे में यात्रियों को रात के इन छह घंटों के दौरान कोच में लगे चार्जिंग पॉइंट इस्तेमाल करने में परेशानी हो सकती है।
यात्रियों की सुरक्षा के लिए रेलवे का निर्देश
रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस नियम के पालन पर जोर दिया है। रेलवे बोर्ड ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया है कि ट्रेनों में निर्धारित समय के दौरान चार्जिंग पॉइंट बंद रखने की व्यवस्था का सख्ती से पालन कराया जाए।
पावर बैंक से जुड़ी घटना के बाद बढ़ी सख्ती
हाल ही में दक्षिण पूर्व रेलवे में चार्जिंग के दौरान एक पावर बैंक से जुड़ी घटना सामने आई थी। इसके बाद रेलवे ने इस नियम के पालन को लेकर सख्ती बरतने पर जोर दिया है।
कर्मचारियों की ट्रेनिंग और नियमों की जांच के निर्देश
रेलवे बोर्ड ने संबंधित कर्मचारियों को जरूरी निर्देश देने और उनकी ट्रेनिंग कराने के साथ ही नियमों के पालन की जांच करने को भी कहा है। इसका उद्देश्य ट्रेन में चार्जिंग से जुड़ी संभावित घटनाओं को रोकना और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।









