UP Weather: यूपी में मानसून ले सकता है रौद्र रूप, नोएडा से वाराणसी तक भारी बारिश का अलर्ट, 50 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। बुधवार को नोएडा, गाजियाबाद समेत पश्चिमी यूपी के कई जिलों में हुई झमाझम बारिश के बाद मौसम का मिजाज बदल गया। बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली और तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले तीन से चार दिनों तक प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां जारी रहने का अनुमान जताया है।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, गुरुवार को लखनऊ से लेकर आगरा और वाराणसी तक प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अधिकतर जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश और मेघ गर्जन की चेतावनी जारी की गई है। वहीं, पूर्वी यूपी के कई जिलों में भी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।

यूपी में 3-5 डिग्री तक गिर सकता है तापमान

मौसम विभाग के अनुसार, बारिश के कारण प्रदेश के अधिकतम तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। अगले दो से तीन दिनों में यूपी के कई हिस्सों में तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक नीचे जा सकता है। इससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।

इन जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने आज आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, झांसी, हमीरपुर, महोबा, सहारनपुर, शामली, मेरठ, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, संभल, रामपुर और बरेली में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

इन जिलों में तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और वज्रपात की संभावना जताई गई है। हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

लखनऊ समेत इन जिलों में भी बारिश की चेतावनी

राजधानी लखनऊ के अलावा सीतापुर, बाराबंकी, अमेठी, अयोध्या, गोंडा और सुल्तानपुर में भी गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

वहीं, नोएडा, गाजियाबाद, बागपत, हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, कासगंज, बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, फर्रुखाबाद, कन्नौज, हरदोई, कानपुर, उन्नाव, रायबरेली, फतेहपुर, बांदा, ललितपुर, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, कुशीनगर, महाराजगंज, देवरिया, बलिया, गाजीपुर, अंबेडकर नगर, संत कबीर नगर, आजमगढ़, मऊ, गोरखपुर, वाराणसी, चंदौली और सोनभद्र में भी कई जगहों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

11-12 जुलाई को पूर्वी यूपी में बढ़ेगी बारिश की गतिविधि

IMD के पूर्वानुमान के अनुसार, 9 और 10 जुलाई को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मानसून सक्रिय रहेगा और कई जिलों में अच्छी बारिश हो सकती है। इसके बाद 11 और 12 जुलाई को पूर्वी यूपी के जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और आकाशीय बिजली व तेज हवाओं से बचाव के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी है।

Related Articles

Back to top button