
आजमगढ़। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में बृहस्पतिवार रात एक सनसनीखेज डबल मर्डर की वारदात सामने आई, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। पवई थाना क्षेत्र के हेवती डीहवा गांव में रात के अंधेरे में अज्ञात हमलावरों ने सो रहे 70 वर्षीय बुजुर्ग और उनके 25 वर्षीय पोते की कुल्हाड़ी से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फारेंसिक टीम, डॉग स्क्वायड और आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए और जांच शुरू कर दी।
कैसे हुई पूरी वारदात?
गांव निवासी जगदंबा प्रसाद यादव (70) रोज की तरह रात में अपने घर से कुछ दूरी पर स्थित ट्यूबवेल पर सो रहे थे। वहीं, उनका पोता अंकित (25) घर में अपनी चचेरी दादी फूलमती और दो भाइयों के साथ सोया हुआ था। देर रात अज्ञात हमलावरों ने पहले ट्यूबवेल पर सो रहे बुजुर्ग जगदंबा प्रसाद पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया और फिर घर में सो रहे अंकित को भी अपना शिकार बना लिया।
अंकित के साथ सो रही चचेरी दादी फूलमती को जब हमले का एहसास हुआ तो उन्होंने तुरंत अंकित के दोनों भाइयों को जगाया। परिवार के लोग घायल अंकित को तुरंत इलाज के लिए अंबेडकर नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसी बीच जब परिजन जगदंबा प्रसाद को इसकी सूचना देने के लिए ट्यूबवेल पर पहुंचे तो वहां भी खून से लथपथ उनका शव पड़ा मिला। दोनों की गला काटकर हत्या की गई थी।
पुलिस को मौके से मिला
घटना की सूचना पर पुलिस क्षेत्राधिकार और एसपी ग्रामीण चिराग जैन समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान पुलिस को घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर खेत में खून से सनी एक कुल्हाड़ी बरामद हुई, जिसे आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद फेंककर फरार हो गए थे।
एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि रात करीब दो बजे हत्या की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। शुरुआती जांच में पारिवारिक लेन-देन और आपसी रंजिश का मामला सामने आया है। पुलिस हर एंगल पर जांच कर रही है और जल्द ही इस जघन्य वारदात का खुलासा किया जाएगा।









