आगरा पुलिस के हत्थे चढ़े खूंखार हथियार तस्कर ! 11 ऑटोमेटिक पिस्टल की बरामदगी से मचा हड़कंप, क्या है इनका काला खेल?

आगरा: ताजनगरी में अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। कमिश्नर दीपक कुमार के नेतृत्व में चलाए गए एक विशेष अभियान के दौरान, पुलिस की SOG, सर्विलांस टीम और थाना खेरागढ़ की संयुक्त टीम ने अंतरराज्यीय हथियार तस्कर गिरोह के दो शातिर सदस्यों को दबोच लिया है।

गिरफ्तारी थाना खेरागढ़ क्षेत्र के सैफऊ बॉर्डर के पास से हुई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 11 अवैध ऑटोमेटिक पिस्टल और 21 मैगजीन बरामद की हैं। यह गैंग यूपी और राजस्थान के बीच हथियारों की सप्लाई का काम करता था। बरामदगी में हथियारों के अलावा 2 मोबाइल फोन, नगदी और 4 नंबर प्लेट भी शामिल हैं, जो तस्करों के संगठित नेटवर्क की ओर इशारा कर रहे हैं।

पूछताछ में यह बात सामने आई है कि ये तस्कर अन्य राज्यों में भी हथियारों की सप्लाई करने में सक्रिय थे। पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने बताया कि आरोपियों के अन्य राज्यों से जुड़े संपर्कों को खंगाला जा रहा है ताकि इस तस्करी के पीछे के मुख्य सरगना तक पहुंचा जा सके।

क्षेत्र में हथियारों की इतनी बड़ी खेप के साथ तस्करों का पकड़ा जाना पुलिस की बड़ी कामयाबी मानी जा रही है। इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है। पुलिस अब इन हथियारों के स्रोत और इनके संभावित खरीदारों के बारे में विस्तृत जानकारी जुटा रही है। आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेजने की तैयारी की जा रही है। यह ऑपरेशन उत्तर प्रदेश और राजस्थान पुलिस के बीच बेहतर समन्वय का परिणाम है।

Related Articles

Back to top button