
चंडीगढ़। सेक्टर-26 स्थित एक डिस्को क्लब के बाहर शनिवार शाम एक तेज रफ्तार मर्सिडीज कार ने दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे को अंजाम देने के बाद चालक कार समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।
कौन हैं घायल?
घायलों की पहचान बापूधाम कॉलोनी निवासी अमजद और सेक्टर-44 निवासी अलायंस प्रीत के रूप में हुई है। दोनों को तुरंत सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच)-32 में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
कैसे हुआ हादसा?
प्राथमिक जांच के अनुसार, दोनों युवक शनिवार शाम सेक्टर-26 स्थित डिस्को क्लब में आए थे। क्लब से बाहर निकलते ही तेज रफ्तार मर्सिडीज कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि चालक बिना रुके कार लेकर फरार हो गया। सूचना मिलते ही सेक्टर-26 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाकर घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ले ली है, जिसके आधार पर मर्सिडीज कार और उसके चालक की पहचान की जा रही है।









