कन्नौज में पुल की रेलिंग तोड़ता नदी में गिरा ट्रक, 3 लोग थे सवार, 1 लापता; तलाश जारी

उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में रविवार सुबह 4 बजे एक ट्रक पुल की रेलिंग तोड़कर 20 फीट नीचे गंगा नदी में जा गिरा। ट्रक में सवार ड्राइवर, क्लीनर और व्यापारी डूब गए। ट्रक में पानी भरा हुआ है। हादसे के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। फिर, पुलिस और गोताखोरों को बुलाया गया। गोताखोरों ने ड्राइवर और व्यापारी को बचा लिया, लेकिन क्लीनर का पता नहीं चल सका। गोताखोर उसकी तलाश कर रहे हैं।

SDRF और NHAI की टीमों को बुलाया गया

सीओ सिटी शिल्पा वर्मा ने बताया कि ट्रक को हटाने के लिए SDRF और NHAI की टीमों को बुलाया गया है। पुल कमजोर होने की वजह से भारी मशीनों के इस्तेमाल में दिक्कत आ रही है। यह घटना जिला मुख्यालय से 8 km दूर कन्नौज-हरदोई को जोड़ने वाले मेहंदी घाट पुल की है।

ड्राइवर को आ गई थी नींद

बता दें कि रविवार सुबह हरदोई से आटा और बोरियों से भरा एक ट्रक औरैया के लिए निकला था। पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि मेहंदी घाट पुल पर ड्राइवर को नींद आ गई और ट्रक पुल की लोहे की रेलिंग तोड़ते हुए नदी में गिर गया।

व्यापारी और ड्राइवर को बाहर निकाला गया

लोगो ने बताया कि नदी में कुछ बड़ा गिरने की आवाज़ सुनकर हम मौके पर पहुंचे तो देखा कि ट्रक ड्राइवर मदद के लिए चिल्ला रहे थे। इसके बाद हमने पुलिस को इन्फॉर्म किया। पुलिस टीम डाइवर्स के साथ मौके पर पहुंची। इसके बाद गांव वालों ने लोकल डाइवर्स की मदद से व्यापारी और ड्राइवर को बाहर निकाला।

लापता क्लीनर की पहचान हरदोई निवासी विनीत कुमार द्विवेदी के रूप में हुई

सूचना मिलते ही पुलिस दोनों को जिला अस्पताल ले गई। उनकी गंभीर हालत देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें कन्नौज मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। दोनों की पहचान औरैया के सहार निवासी व्यापारी संगीत कुमार और हरदोई के गुरौली निवासी ड्राइवर श्रवण कुमार के रूप में हुई। वहीं, लापता क्लीनर की पहचान हरदोई निवासी शिवाकांत के बेटे विनीत कुमार द्विवेदी के रूप में हुई है।

Related Articles

Back to top button