गाजियाबाद में प्रेम प्रसंग का खौफनाक अंत, मां को बचाने के लिए रोता रहा मासूम, नहीं पसीजा आरोपी का दिल

गाजियाबाद की प्रेम नगर कॉलोनी में हुई रिजवाना की हत्या के दौरान उसके दो छोटे बच्चे घर पर मौजूद थे। वहीं उसके दो बड़े बच्चे स्कूल गए हुए थे। घटना के समय चार वर्षीय बेटे ने अपनी आंखों के सामने मां को बचाने के लिए आरोपी चाचा से गुहार लगाई, लेकिन आरोपी ने उसकी एक नहीं सुनी।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, निसार के घर से निकलने के कुछ देर बाद ही फैजान रिजवाना के घर पहुंचा। उसने रिजवाना से बातचीत की और इस दौरान बच्चों को बाहर भेज दिया। कुछ देर बाद कमरे से तेज आवाज आने पर चार वर्षीय बेटा अंदर पहुंचा।

फैजान रिजवाना से एकतरफा प्यार करता था

बच्चे ने देखा कि फैजान रस्सी से उसकी मां का गला दबा रहा था। वह रोते हुए चाचा से अम्मी को न मारने की गुहार लगाता रहा, लेकिन आरोपी नहीं रुका। आरोप है कि फैजान लगातार कह रहा था, “अगर तू मेरी नहीं हुई तो किसी की नहीं रहने दूंगा।” पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि फैजान रिजवाना से एकतरफा प्यार करता था। एसीपी लोनी के अनुसार, आरोपी ने रिजवाना से साथ चलने के लिए कहा था, लेकिन उसके मना करने पर गुस्से में आकर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी।

बेटा मां से लिपटकर रोता रहा

आरोपी के जाने के बाद रिजवाना बेसुध हालत में फर्श पर पड़ी रही। चार वर्षीय बेटा मां से लिपटकर रोता रहा। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और निसार को घटना की जानकारी दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button