
कानपुर के बाद अब उत्तर प्रदेश के नोएडा में ई-कॉमर्स कंपनियों की ऑनलाइन डिलीवरी में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। पुलिस और एसओजी (SOG) की संयुक्त कार्रवाई में ऑनलाइन डिलीवरी के जरिए ठगी करने वाले एक शातिर गैंग का भंडाफोड़ किया गया है। पुलिस ने इस मामले में दो डिलीवरी बॉय समेत कुल 5 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से करीब 75 लाख रुपये का चोरी किया गया सामान बरामद हुआ है।
नोएडा : कानपुर के बाद नोएडा में ऑनलाइन डिलीवरी में स्कैम
— भारत समाचार | Bharat Samachar (@bstvlive) August 1, 2026
➡ई-कामर्स कंपनियों के ऑनलाइन डिलीवरी में फर्जीवाड़ा
➡ऑनलाइन डिलीवरी में फर्जीवाड़ा गैंग का हुआ भंडाफोड़
➡फ्लिपकार्ट, अमेजन के ऑर्डर बदलकर करते थे ठगी
➡असली सामान की जगह सस्ता नकली सामान रखते थे
➡पुलिस,SOG ने 5 शातिर… pic.twitter.com/j9Kxbv3nYa
असली सामान की जगह रखते थे नकली और सस्ता माल
जांच में सामने आया है कि यह गैंग फ्लिपकार्ट और अमेजन जैसी बड़ी ई-कॉमर्स कंपनियों के महंगे ऑर्डर को रास्ते में ही बदल देता था। ग्राहक द्वारा बुक किए गए असली सामान की जगह वे सस्ते और नकली उत्पाद पैक कर देते थे। आरोपियों ने इस अवैध धंधे को अंजाम देने के लिए नोएडा के सेक्टर 69 में एक फर्जी वेयरहाउस भी बनाया हुआ था, जहां से पूरे खेल को संचालित किया जा रहा था।
करोड़ों रुपये का लगा चुके हैं चूना
पुलिस पूछताछ में पता चला है कि यह गैंग पिछले काफी समय से ऑनलाइन कंपनियों को करोड़ों रुपये का चूना लगा चुका है। आरोपियों के कब्जे से प्रोटीन पाउडर, महंगे इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स और अन्य ब्रांडेड सामान के साथ-साथ भारी मात्रा में फर्जी पैकेजिंग सामग्री भी बरामद की गई है।
थाना 20 पुलिस और SOG की कार्रवाई
इस पूरे मामले का खुलासा करते हुए नोएडा के सेक्टर 20 थाने की पुलिस और एसओजी टीम ने मुखबिर की सूचना पर यह ताबड़तोड़ कार्रवाई की। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस सिंडिकेट में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और इनके तार कहां-कहां जुड़े हुए हैं। पकड़े गए सभी आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।









