MI London vs Super Giants The Hundred: जो कोई नहीं कर सका वो काम कर गए राशिद खान, 20 गेंदों में 5 विकेट लेकर रचा इतिहास

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के बाद अब इंग्लैंड की प्रतिष्ठित लीग ‘द हंड्रेड’ में भी अफगानिस्तान के स्टार स्पिनर राशिद खान की फिरकी का जादू सिर चढ़कर बोल रहा है। तेज गेंदबाजों के अनुकूल मानी जाने वाली अंग्रेजी पिचों पर भी राशिद ने अपनी गेंदबाजी का लोहा मनवाते हुए एक ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जो आसान नहीं होता। MI लंदन और सुपर जायंट्स के बीच खेले गए मुकाबले में राशिद खान ने अपनी घातक गेंदबाजी के दम पर अकेले दम पर मैच का पासा पलट दिया। MI लंदन ने यह मुकाबला 45 रनों से अपने नाम कर लिया।

राशिद खान का घातक ‘पंजा’
पहले बल्लेबाजी करते हुए MI लंदन ने निर्धारित 100 गेंदों में 6 विकेट के नुकसान पर 183 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया था। इसके जवाब में उतरी सुपर जायंट्स की टीम राशिद खान की फिरकी के आगे बिखर गई और पूरी टीम 138 रनों पर ढेर हो गई। राशिद खान ने मैच में बेहद किफायती गेंदबाजी करते हुए मात्र 20 गेंदें फेंकी और 17 रन देकर 5 महत्वपूर्ण विकेट झटके। हैरानी की बात यह है कि उन्होंने अपनी इन 20 गेंदों में से 9 गेंदों पर एक भी रन नहीं दिया। इस शानदार प्रदर्शन के साथ ही वे इस सीजन में एक मैच में पांच विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज बन गए हैं।

इन बल्लेबाजों को बनाया शिकार
राशिद ने सबसे पहले सलामी बल्लेबाज टिम सेफर्ट (17) को पवेलियन भेजा। इसके बाद खतरनाक बल्लेबाज जोस बटलर (2) को आउट कर सुपर जायंट्स को दूसरा झटका दिया। इसके बाद हेनरिक क्लासेन (13), टॉम मूरस (0) और लियाम डॉसन को आउट कर राशिद ने अपना पांच विकेट यानी ‘पंजा’ पूरा किया। इससे पहले MI लंदन के लिए विल जैक्स ने 31 गेंदों पर 62 और निकोलस पूरन ने 28 गेंदों पर 54 रनों की तूफानी पारियां खेली थीं। इस जीत के साथ ही MI लंदन ने टूर्नामेंट में अपनी धाक और मजबूत कर ली है।

Related Articles

Back to top button