BWF वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026: पीवी सिंधु को 9वीं और सात्विक-चिराग की जोड़ी को मिली 5वीं सीड… जानें पूरी डिटेल्स…

BWF वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026 के लिए भारतीय खिलाड़ियों की सीडिंग जारी। पीवी सिंधु को 9वीं और सात्विक-चिराग को 5वीं सीड, नई दिल्ली में होगा आयोजन।

बैडमिंटन प्रेमियों के लिए एक बड़ी और उत्साह बढ़ाने वाली खबर सामने आई है। आगामी BWF वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026 के लिए भारतीय खिलाड़ियों की सीडिंग का ऐलान कर दिया गया है। जापान ओपन चैंपियन रह चुकी स्टार शटलर पीवी सिंधु को इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में नौवीं सीड दी गई है, जबकि 2022 एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की मशहूर जोड़ी को पांचवीं सीड हासिल हुई है। यह बहुप्रतीक्षित चैंपियनशिप इस साल 17 से 23 अगस्त, 2026 तक नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में खेली जाएगी।

इस टूर्नामेंट की सभी पांचों कैटेगरी में भारत की तरफ से दो-दो एंट्री तय की गई हैं, जिनमें से चार कैटेगरी में कम से कम एक सीडेड खिलाड़ी या जोड़ी शामिल है। पीवी सिंधु और सात्विक-चिराग के अलावा, मेन्स सिंगल्स में विश्व चैंपियनशिप के पूर्व कांस्य पदक विजेता लक्ष्य सेन को 14वीं सीड मिली है। वहीं, मिक्स्ड डबल्स वर्ग में ध्रुव कपिला और तनीषा क्रैस्टो की जोड़ी को 15वीं सीड प्रदान की गई है। खिलाड़ियों ने 28 अप्रैल की वर्ल्ड रैंकिंग के आधार पर क्वालिफाई किया था, जबकि सीडिंग का निर्धारण 28 जुलाई, 2026 की रैंकिंग के मुताबिक किया गया है।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बात करें तो चीन के मेन्स सिंगल्स वर्ल्ड चैंपियन शि यूकी और दक्षिण कोरिया की स्टार महिला खिलाड़ी एन से यंग अपनी-अपनी कैटेगरी में टॉप सीड हैं। चैंपियनशिप का अधिकारिक ड्रॉ बुधवार को आयोजित किया जाएगा, जिसके बाद मुकाबलों की तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी। घरेलू मैदान पर होने वाले इस विश्व टूर्नामेंट में भारतीय खिलाड़ियों से शानदार प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।

Related Articles

Back to top button