
पंजाब की अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ISI समर्थित दो आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें चार नाबालिग और पांच बालिग शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, इनमें से एक मॉड्यूल पेट्रोल बम से जुड़ा था, जिसके अधिकतर सदस्य नाबालिग थे।
पुलिस का दावा है कि इन मॉड्यूल को पाकिस्तान में बैठे ISI हैंडलर्स से समर्थन मिल रहा था। अमृतसर पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि दोनों मॉड्यूल के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया है।
रेलवे ट्रैक पर लगाए जा रहे थे कैमरे, सीमा पार भेजी जानी थी फीड
पुलिस के अनुसार, एक मॉड्यूल रेलवे ट्रैक के ऊपर कैमरे लगाने का काम कर रहा था। इन कैमरों की लाइव फीड सीमा पार भेजे जाने की योजना थी। पुलिस ने समय रहते इसकी जानकारी जुटाई और आरोपियों को कैमरों के साथ गिरफ्तार कर लिया।
जांच में सामने आया कि कैमरे और अन्य खर्चों के लिए हवाला के जरिए फंडिंग की व्यवस्था की गई थी।
पेट्रोल बम बनाने और हमले की दी गई थी ट्रेनिंग
पुलिस ने बताया कि दूसरे मॉड्यूल के सदस्यों को ISI हैंडलर्स की ओर से पेट्रोल बम बनाने और उन्हें इस्तेमाल करने की ट्रेनिंग दी गई थी। उन्हें पुलिस और अन्य सुरक्षा संस्थानों की रेकी करने के निर्देश भी दिए गए थे।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि इस मॉड्यूल के आठ सदस्य दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे विरोध-प्रदर्शन स्थल पर गए थे। पुलिस का आरोप है कि वहां उन्हें स्थानीय स्तर पर लॉजिस्टिकल सपोर्ट मिला, जिसमें पेट्रोल बम बनाने की सामग्री भी शामिल थी।
हमले की साजिश नाकाम, पुलिस ने बताया बड़ी सफलता
पुलिस के मुताबिक, आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे, लेकिन समय रहते कार्रवाई कर उनकी योजना को विफल कर दिया गया। अमृतसर पुलिस ने इसे सुरक्षा एजेंसियों की बड़ी सफलता बताया है।
फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।









