सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का तीखा बयान,बोले— उपचुनाव के नतीजों ने बीजेपी को सिखाया सबक,पीडीए की परिभाषा में ब्राह्मण भी शामिल

लखनऊ में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक प्रेसवार्ता के दौरान भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की सरकार पर जमकर निशाना साधा है। हालिया उपचुनाव के नतीजों का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव ने दावा किया कि इन परिणामों ने बीजेपी को करारा सबक सिखाया है। उन्होंने कहा कि जनता अब झूठे वादों और विभाजनकारी राजनीति से ऊब चुकी है और बदलाव का मन बना चुकी है।

पीडीए और ब्राह्मण समाज पर बड़ा बयान
सपा प्रमुख ने अपने ‘पीडीए’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंखयक) के समीकरण को विस्तार देते हुए बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि पीडीए की परिभाषा में ‘पंडित’ (ब्राह्मण) भी शामिल हैं और ब्राह्मणों ने हमेशा समाजवादी पार्टी को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई है। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि वर्तमान शासनकाल में ब्राह्मणों को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है, जबकि समाजवादी पार्टी ने हमेशा उनका सम्मान किया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बीजेपी ने तो शंकराचार्य को भी कुंभ में स्नान करने से रोका था।

विकास कार्यों और भ्रष्टाचार पर तीखा प्रहार
सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए अखिलेश यादव ने तंज कसा कि बीजेपी के विकास कार्यों में “सीमेंट कम और बालू ज्यादा” है। उन्होंने भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि दानपात्र में ऊपर से ताला लगा है लेकिन नीचे सुरंग बनी हुई है। इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि अयोध्या में नकली रसीद का बड़ा घोटाला हुआ है, और जब मामले की पोल खुली तो सरकार ने लीपापोती करने के लिए छोटे-छोटे कर्मचारियों को जेल भेज दिया। अखिलेश यादव के इन तीखे बयानों से राज्य की राजनीति में एक बार फिर भूचाल आ गया है और सियासी गलियारों में बहस छिड़ गई है।

Related Articles

Back to top button