
बहराइच में वन्यजीव हमले की दो अलग-अलग घटनाओं में महिला और 8 साल के मासूम बच्चे की मौत हो गई। घटना के बाद कतर्नियाघाट वन्यजीव क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। वन विभाग ने सुरक्षा को देखते हुए कई गांवों में सतर्कता बढ़ा दी है।
जानकारी के मुताबिक, धर्मापुर और मोतीपुर रेंज में वन्यजीव हमले की घटनाएं सामने आई हैं। इन हमलों में एक महिला और 8 साल के बच्चे की जान चली गई। घटना के बाद ग्रामीणों में डर का माहौल है।
प्रशासन की टीमें लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए
वन विभाग की टीम ने प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है और आसपास के करीब 15 गांवों के लोगों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे अकेले जंगल की ओर न जाएं और किसी भी वन्यजीव की गतिविधि की सूचना तुरंत विभाग को दें। वहीं, तेंदुए के हमलों को देखते हुए मुरादाबाद और बिजनौर के 500 से अधिक गांवों में भी अलर्ट जारी किया गया है। वन विभाग और प्रशासन की टीमें लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
वन्यजीवों के बढ़ते हमलों को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में चिंता बढ़ गई है। विभाग की ओर से लोगों को सावधानी बरतने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की जा रही है।









