
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के 78 हजार से ज्यादा कोटेदारों को लाभ पहुंचाने वाली ई-पॉस आधारित फीडबैक प्रणाली का शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राशन वितरण व्यवस्था में आए बदलावों का जिक्र करते हुए पिछली सरकारों पर भी निशाना साधा।
सीएम योगी ने कहा कि पहले राशन डीलर्स का सम्मान नहीं होता था। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था जब “कोटेदार” शब्द से लोगों को चिढ़ होने लगी थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले पाप कोई करता था और उसका भुगतान किसी और को करना पड़ता था।
आज यूपी की छवि पूरी तरह बदल चुकी है – सीएम
मुख्यमंत्री ने कहा कि साल 2017 से पहले प्रदेश में पहचान का संकट था और पिछली सरकारों की नीयत में खोट थी। उन्होंने दावा किया कि 2017 के बाद उत्तर प्रदेश के हालात बदले हैं और आज यूपी की छवि पूरी तरह बदल चुकी है। अब प्रदेश के लोगों का हर जगह सम्मान होता है। सीएम योगी ने कहा कि पहले स्कूलों में सुविधाओं की कमी थी, लेकिन अब शिक्षा व्यवस्था में सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि राशन वितरण प्रणाली में पारदर्शिता बढ़ी है और अब राशन को लेकर शिकायतें कम हुई हैं।
मुख्यमंत्री ने किसानों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश के किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता आम लोगों को बेहतर सुविधाएं और पारदर्शी व्यवस्था उपलब्ध कराना है।









