युवाओं को रोजगार देने पर योगी सरकार का फोकस, मुख्य सचिव ने आयोगों के साथ की अहम बैठक

लखनऊ: प्रदेश में युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और सरकारी सेवाओं में चयन प्रक्रिया को समयबद्ध बनाने को लेकर मुख्य सचिव एसपी गोयल ने विभिन्न आयोगों और भर्ती बोर्डों के साथ बैठक की।

बैठक में मुख्य सचिव ने कहा कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने चयन आयोगों और भर्ती संस्थाओं से कहा कि अपनी स्वायत्तता और नियमों का पालन करते हुए भर्ती प्रक्रियाओं को जल्द पूरा करने का प्रयास किया जाए, जिससे योग्य अभ्यर्थियों को नियुक्ति के लिए लंबा इंतजार न करना पड़े।

भर्ती प्रक्रिया के लिए बनेगा वार्षिक कैलेंडर

मुख्य सचिव ने सुझाव दिया कि चयन परीक्षाओं के आयोजन, परिणाम जारी करने, दस्तावेज सत्यापन और नियुक्ति से जुड़ी प्रक्रियाओं के लिए वार्षिक कैलेंडर और तय समयसीमा का प्रभावी पालन किया जाए। उन्होंने कहा कि जहां भी भर्ती प्रक्रिया किसी कारण से लंबित है, वहां संबंधित संस्थाएं नियमित समीक्षा कर आवश्यक समन्वय सुनिश्चित करें।

परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता पर जोर

मुख्य सचिव ने चयन परीक्षाओं में पारदर्शिता, निष्पक्षता और शुचिता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने परीक्षा प्रक्रिया में आधुनिक तकनीक के अधिक इस्तेमाल पर जोर दिया, ताकि परीक्षाएं सुरक्षित, आसान और भरोसेमंद बनाई जा सकें। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में तेजी के साथ परीक्षा की गुणवत्ता और विश्वसनीयता बनाए रखना भी जरूरी है।

आयोगों ने साझा की भर्ती प्रक्रिया की जानकारी

बैठक में विभिन्न चयन आयोगों और भर्ती बोर्डों के अधिकारियों ने चल रही भर्ती परीक्षाओं, समयबद्ध चयन प्रक्रिया और परीक्षा व्यवस्थाओं से जुड़े बिंदुओं की जानकारी दी। बैठक में भर्ती प्रक्रियाओं को और अधिक सरल एवं प्रभावी बनाने को लेकर चर्चा की गई।

इस दौरान प्रमुख सचिव नियुक्ति एवं कार्मिक एम. देवराज, उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष प्रशांत कुमार, प्रमुख स्टाफ ऑफिसर अमृता सोनी समेत उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग, उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग और यूपी पुलिस भर्ती बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button