
उत्तर प्रदेश के सीतापुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां खुद को स्वर्गीय माफिया अतीक अहमद का करीबी बताने वाले माफिया मुजीब अहमद की गुंडागर्दी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामला कोतवाली देहात क्षेत्र के कचनार गांव का है, जहां मुजीब अहमद अपने दर्जनों हथियारबंद गुर्गों के साथ पहुंचा और ग्रामीणों समेत गांव के प्रधान को खुलेआम जान से मारने की धमकी दी।
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि माफिया मुजीब अहमद ने दुकानों और मकानों के ठीक पीछे करीब 25 बीघा जमीन खरीदी है। अब वह मेन रोड के किनारे बसे गरीब ग्रामीणों और दुकानदारों को वहां से भगाना चाहता है ताकि मुख्य मार्ग की कीमती जमीन पर अवैध कब्जा कर सके। दबंगई और धमकी से भयभीत गांव के प्रधान और ग्रामीणों ने इस मामले की लिखित शिकायत प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री राकेश राठौर ‘गुरु’ और सीतापुर के जिलाधिकारी (DM) से की है।
पीड़ितों का कहना है कि आरोपी अतीक अहमद के नाम का खौफ दिखाकर इलाके में लगातार जमीन कब्जाने की कोशिश कर रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सुरक्षा की गुहार लगाते हुए आरोपी और उसके हथियारबंद गुर्गों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुट गई है।









