रूस की सबसे ऊंची चोटी पर सीतापुर की बेटी ने लहराया तिरंगा… जानें इस अद्भुत सफलता की पूरी कहानी…

सीतापुर की बेटी शिवानी मेहरोत्रा ने 15 अगस्त 2026 को रूस के माउंट एल्ब्रस पर तिरंगा फहराया। जानिए उनकी इस ऐतिहासिक पर्वतारोहण सफलता की पूरी कहानी।

उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले की बेटी और मुंबई में रहने वाली शिवानी मेहरोत्रा ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर एक बार फिर देश का मान पूरी दुनिया में बढ़ा दिया है। शिवानी ने 15 अगस्त 2026 को रूस के काकेशस क्षेत्र में स्थित यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रस (5,642 मीटर) पर सफलतापूर्वक चढ़ाई कर भारत का राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया। खराब मौसम और बेहद चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने अपनी अटूट हिम्मत और जज्बे के बल पर इस मुकाम को हासिल किया।

पेशे से योग टीचर और फिटनेस की शौकीन शिवानी ने साल 2018 में पर्वतारोहण के क्षेत्र में कदम रखा था। इससे पहले जनवरी 2026 में उन्होंने तंजानिया स्थित अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो (5,895 मीटर) को भी फतह किया था। इसके अलावा वह एवरेस्ट बेस कैंप का कठिन ट्रेक और भारत के कई चुनौतीपूर्ण पर्वतारोहण अभियानों को सफलतापूपर्वक पूरा कर चुकी हैं। इंटरनेशनल योगा में डिप्लोमा प्राप्त शिवानी अपनी इस सफलता का श्रेय अपने कड़े अनुशासन, फिटनेस और परिवार के अटूट समर्थन को देती हैं।

बता दें, वह सीतापुर निवासी संजय और आरती मेहरोत्रा की पुत्री हैं और सौरभ मेहरोत्रा की पत्नी हैं। परिवार, दोस्तों और शुभचिंतकों ने उन्हें इस ऐतिहासिक सफलता पर ढेरों बधाइयां दी हैं।। शिवानी का अगला बड़ा लक्ष्य ‘सेवन समिट्स’ के अभियान को पूरा करना है, जिसके तहत उनकी अंतिम मंजिल दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट फतह करना है। उनकी इस कामयाबी ने न केवल सीतापुर बल्कि पूरे देश का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है।

Related Articles

Back to top button