
कन्नौज के तालग्राम थाना क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर पुलिस और सोना तस्करों के बीच फिल्मी स्टाइल में हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। गुप्त सूचना के आधार पर नाकेबंदी कर रही पुलिस टीम को देखकर तस्करों ने भागने की कोशिश की और अपनी तेज रफ्तार कार से पुलिस की गाड़ी में सीधी टक्कर मार दी। हालांकि, पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए घेराबंदी कर एक्सप्रेसवे पर पीछा करके दो शातिर तस्करों को दबोच लिया।
कार की तलाशी लेने पर पुलिस के भी होश उड़ गए। गाड़ी से 10 किलोग्राम वजन के 10 सोने के बिस्किट बरामद हुए, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 15 करोड़ रुपये बताई जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, यह खेप गोरखपुर से दिल्ली ले जाई जा रही थी। प्राथमिक जांच में इस बात की प्रबल आशंका जताई जा रही है कि यह सोना नेपाल के रास्ते भारत में अवैध रूप से लाया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए तालग्राम थाने में हड़कंप मच गया है। सोने के वैध कागजात न मिलने पर जांच के लिए जीएसटी (GST) की टीम थाने पहुंच चुकी है, जबकि सीमा शुल्क (Customs) विभाग की विशेष टीम भी जांच के लिए जल्द तालग्राम थाने पहुंचेगी। पुलिस अब दोनों आरोपियों से उनके पूरे नेटवर्क और मास्टरमाइंड के बारे में कड़ाई से पूछताछ कर रही है।









