हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड की गोगी गैंग ने ली जिम्मेदारी… यूपी पुलिस को दी खुली चुनौती…

शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या की जिम्मेदारी गोगी गैंग ने ली है। सोशल मीडिया पर पोस्ट कर यूपी पुलिस को खुली चुनौती दी गई है और आगे भी मर्डर की धमकी दी है।

उत्तर प्रदेश के शामली में लोकप्रिय हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की सरेआम गोली मारकर की गई हत्या के मामले में एक बड़ा और सनसनीखेज खुलासा सामने आया है। हरियाणा की कुख्यात गोगी गैंग ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस जघन्य हत्याकांड की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। इस कबूलनामे के साथ ही गैंग ने यूपी पुलिस और अपने विरोधियों को खुली चुनौती देते हुए आगे और मर्डर करने की धमकी भी दी है।

बता दें, गोगी गैंग से जुड़े बताए जा रहे भोलू सहापुरिया के इंस्टाग्राम अकाउंट से किए गए पोस्ट में दावा किया गया है कि अंकित बालियान उनके विरोधी गुट के लगातार संपर्क में था और उसने गोगी से जुड़ी एक पुरानी घटना पर गाना भी बनाया था। पोस्ट में बेहद आक्रामक और चेतावनी भरे अंदाज में लिखा गया— “यह तो अभी शुरुआत है, सबका नंबर आएगा।” गोगी गैंग के इस दावे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और मामले में गैंगवार का कोण पूरी तरह गहरा गया है।

उल्लेखनीय है कि बुधवार को शामली के सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित नालापटरी आर्यपुरी इलाके में जिम से बाहर निकलते ही अंकित बालियान की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया था, जिसे पुलिस अधिकारियों के निष्पक्ष जांच और त्वरित गिरफ्तारी के आश्वासन के बाद हटवाया जा सका। फिलहाल यूपी पुलिस की स्पेशल टीमें और एसटीएफ इस सोशल मीडिया पोस्ट का तकनीकी विश्लेषण कर हमलावरों की धरपकड़ में जुट गई हैं।

Related Articles

Back to top button