
कानपुर: महराजपुर थाना क्षेत्र के पुरवामीर गांव में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब घर के आंगन में बने बोरवेल के पास गड्ढा होने से 18 वर्षीय युवती यशी उसमें फंस गई। युवती को बचाने के लिए पुलिस और NDRF की टीमें लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई हैं।
जानकारी के मुताबिक, यशी सुबह करीब 7 बजे सुरंगनुमा गड्ढे में फंस गई। बताया जा रहा है कि वह करीब 20 फीट नीचे फंसी हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस और राहत-बचाव की टीमें पहुंचीं और रेस्क्यू शुरू किया गया।
युवती तक सुरक्षित पहुंचने के लिए बोरवेल से करीब 10 मीटर दूर एक और गड्ढा खोदा जा रहा है। इसके जरिए सुरंग बनाकर यशी तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान मकान के अगले हिस्से को भी तोड़ा गया है, ताकि बचाव कार्य में किसी तरह की बाधा न आए। मौके पर NDRF की टीमें आधुनिक उपकरणों के साथ रेस्क्यू में जुटी हैं। पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर मौजूद हैं और पूरे ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं।
घटना के बाद गांव में बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। फिलहाल राहत-बचाव टीमों का पूरा ध्यान युवती को सुरक्षित बाहर निकालने पर है। प्रशासन की ओर से भी लगातार स्थिति पर नजर रखी जा रही है।









