
डेस्क : साउथ सिनेमा के सुपरस्टार यश की फिल्म ‘Toxic’ रिलीज के बाद से ही बॉक्स ऑफिस पर चर्चा में बनी हुई है। फिल्म ने पहले दिन 100 करोड़ रुपये से ज्यादा का ग्लोबल कारोबार कर शानदार शुरुआत की थी। हालांकि इसके बाद कमाई के आंकड़ों में गिरावट देखने को मिली और फिल्म को मिले नकारात्मक रिव्यू ने भी इसकी बॉक्स ऑफिस परफॉर्मेंस को लेकर सवाल खड़े किए।
लेकिन वीकेंड पर ‘Toxic’ ने एक बार फिर अपनी मजबूत पकड़ का संकेत दिया है। शनिवार यानी रिलीज के चौथे दिन फिल्म ने दुनियाभर में 33 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार किया। इसके साथ ही फिल्म का कुल वर्ल्डवाइड कलेक्शन करीब 254 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
चौथे दिन फिर दिखाया दम
वही रिलीज के बाद फिल्म की कमाई में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही थी। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही थी कि नकारात्मक प्रतिक्रियाओं का असर वीकेंड कलेक्शन पर भी देखने को मिल सकता है। हालांकि शनिवार के आंकड़ों ने इस धारणा को कुछ हद तक बदल दिया है।
‘Toxic’ ने चौथे दिन 33 करोड़ रुपये से अधिक का ग्लोबल कलेक्शन कर यह साफ कर दिया कि दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर दिलचस्पी अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। महज चार दिनों में 254 करोड़ रुपये का वर्ल्डवाइड कारोबार फिल्म के लिए एक मजबूत आंकड़ा माना जा सकता है।
रविवार को 300 करोड़ के करीब पहुंच सकती है फिल्म
शनिवार के प्रदर्शन के बाद अब फिल्म की नजर रविवार के कलेक्शन पर है। अगर रविवार को ‘Toxic’ की कमाई में उछाल आता है, तो फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 300 करोड़ रुपये के आंकड़े के काफी करीब पहुंच सकता है।









