
नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हुए रियलिटी शो ‘लॉक अप’ सीजन 2 में श्रेया कालरा ने अपनी जीत दर्ज कराई। हालांकि, शो के दौरान राम कपूर और श्रेया कालरा के बीच हुआ विवाद भी काफी सुर्खियों में रहा। श्रेया ने आरोप लगाया था कि राम कपूर ने उनकी अनुमति के बिना उनके गाल पर किस किया था।
अब इस पूरे मामले पर राम कपूर ने अपनी चुप्पी तोड़ी है। हाल ही में एक पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान एक्टर ने विवाद को लेकर अपना पक्ष रखा और कहा कि इस मामले को जरूरत से ज्यादा बढ़ाया गया और उनकी बातों को गलत तरीके से पेश किया गया।
‘श्रेया ने मुझसे कई बार बात की’
राम कपूर ने बताया कि श्रेया कालरा ने उनसे इस मुद्दे पर कई बार बातचीत की थी और अपनी बात स्पष्ट की थी। एक्टर के मुताबिक, श्रेया ने उनसे कहा था कि उनका ऐसा कोई गलत इरादा नहीं था और वह ठीक हैं।
राम ने कहा कि वह हमेशा से एक शारीरिक रूप से एक्टिव इंसान रहे हैं और अपने पूरे करियर में उनका व्यवहार ऐसा ही रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि वह खुद को बदलने वाले नहीं हैं और उन्हें इस बात की परवाह नहीं है कि उनकी बातों को किस तरह लिया जाता है।
‘27 साल के करियर में किसी महिला ने शिकायत नहीं की’
अपने लंबे करियर का जिक्र करते हुए राम कपूर ने कहा कि इंडस्ट्री में करीब 27 साल काम करने के दौरान उनके साथ काम करने वाली किसी भी महिला ने उनके व्यवहार को लेकर शिकायत नहीं की।
एक्टर ने कहा कि उन्हें इस बात पर खुशी और गर्व है कि इतने लंबे करियर में उनके साथ काम करने वाली किसी महिला ने कभी कोई शिकायत नहीं की। उन्होंने कहा कि वह इस तरह के विवादों पर अपना समय बर्बाद नहीं करना चाहते और अपनी जिंदगी की सकारात्मक चीजों पर ध्यान देना चाहते हैं।
श्रेया कालरा को लेकर भी कही बात
राम कपूर ने श्रेया कालरा के बारे में भी अपनी राय रखी। उन्होंने उन्हें अच्छे परिवार की प्यारी लड़की बताया, लेकिन साथ ही कहा कि उन्हें अपने गुस्से पर थोड़ा नियंत्रण रखना सीखना चाहिए।
राम के मुताबिक, बहस या विवाद की स्थिति में श्रेया को शांत रहकर अपनी बात रखनी चाहिए। उनके बयान से संकेत मिलता है कि वह इस विवाद को पीछे छोड़कर आगे बढ़ना चाहते हैं।
कैसे शुरू हुआ था पूरा विवाद?
‘लॉक अप सीजन 2’ में एक टास्क के दौरान श्रेया कालरा ने राम कपूर को एलिमिनेशन से बचाया था। इसके बाद राम ने श्रेया के गाल पर किस किया था। इसी घटना के बाद विवाद खड़ा हुआ।
इसके बाद श्रेया और शिल्पा शिंदे के बीच एक अन्य टास्क को लेकर बातचीत हुई, जिसमें श्रेया ने दावा किया कि राम कपूर शिवांगी जोशी के चेहरे के काफी करीब आ गए थे। इसके बाद सोशल मीडिया पर राम कपूर को ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा।
विवाद बढ़ने के बाद राम कपूर की पत्नी गौतमी कपूर भी उनके बचाव में सामने आई थीं। उन्होंने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर कर अपनी बात रखी थी। हालांकि, बाद में शो के फिनाले वीक में एंट्री के दौरान गौतमी कपूर ने श्रेया से माफी भी मांगी थी।









