
सहारनपुर : उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में PNB की 7.40 करोड़ की नकली करेंसी का खुलासा हुआ है। सोफिया मार्केट शाखा में ऑडिट के दौरान बड़ी गड़बड़ी सामने आने के बाद बैंक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। नकली नोटों का मामला सामने आने पर तीन बैंक अधिकारियों के खिलाफ FIR दर्ज कराई गई है। वहीं, मुख्यालय भेजी गई रकम में भी 4.36 लाख रुपये कम पाए गए हैं।
कैश कम मिलने के मामले में बैंक के हाउस कीपर के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने दोनों मामलों में कुल चार लोगों को नामजद किया है। मामला थाना सदर बाजार से जुड़ा है, जहां दोनों मामलों में मुकदमे दर्ज कराए गए हैं।
ऑडिट के दौरान सामने आई इस गड़बड़ी के बाद अब पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि इतनी बड़ी मात्रा में नकली करेंसी बैंक के चेस्ट तक कैसे पहुंची? नकली नोट बैंक की शाखा तक किस माध्यम से पहुंचे और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं, पुलिस इन सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
इसके अलावा मुख्यालय भेजी गई रकम में 4.36 लाख रुपये की कमी मिलने को लेकर भी पुलिस अलग से जांच कर रही है। बैंक में ऑडिट के दौरान सामने आई दोनों गड़बड़ियों को लेकर जांच का दायरा बढ़ाया जा रहा है। पुलिस बैंक अधिकारियों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ कर मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।









