फ्लॉप होने की कगार से ब्लॉकबस्टर तक पहुंची ‘हनुमान अंश’, बॉक्स ऑफिस पर रचा चौंकाने वाला इतिहास

डेस्क : बॉक्स ऑफिस पर कुछ फिल्मों का सफर रिलीज के साथ ही तय हो जाता है, लेकिन ‘हनुमान अंश’ ने अपनी कमाई के ट्रेंड से हर किसी को चौंका दिया है। शुरुआत में सीमित स्क्रीन और कम दर्शकों के चलते फिल्म की कमाई उम्मीद के मुताबिक नहीं रही, लेकिन तीसरे हफ्ते से इसकी रफ्तार अचानक बदल गई। अब रिलीज के चौथे सप्ताह में भी फिल्म मजबूती से कमाई कर रही है।

31 जुलाई 2026 को रिलीज हुई थी फिल्म

बता दे कि निर्देशक विशाल चतुर्वेदी की ‘हनुमान अंश’ 31 जुलाई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। शुरुआत में फिल्म को सीमित स्क्रीन मिलीं और शुरुआती दो सप्ताह में बॉक्स ऑफिस पर इसका प्रदर्शन खास प्रभावशाली नहीं रहा। ऐसे में माना जा रहा था कि फिल्म जल्द ही सिनेमाघरों से उतर सकती है।

हालांकि, तीसरे सप्ताह में फिल्म की कमाई ने अचानक रफ्तार पकड़ ली। जहां आमतौर पर रिलीज के दूसरे सप्ताह के बाद फिल्मों के कलेक्शन में गिरावट देखने को मिलती है, वहीं ‘हनुमान अंश’ के मामले में इसका उल्टा हुआ। फिल्म की कमाई लाखों से बढ़कर करोड़ों में पहुंचने लगी।

चौथे सप्ताह में भी जारी है कमाई का सिलसिला

फिल्म की चौथे सप्ताह की शुरुआत भी शानदार रही है। रिलीज के 25वें दिन यानी चौथे सोमवार को भी ‘हनुमान अंश’ ने 5 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार किया। इसके साथ ही फिल्म का नेट बॉक्स ऑफिस कलेक्शन करीब 46 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।फिल्म की बढ़ती कमाई ने इसे इस साल की चर्चित स्लीपर हिट फिल्मों में शामिल कर दिया है। शुरुआती दिनों में कमजोर प्रदर्शन के बाद जिस तरह फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर वापसी की, वह इसकी सबसे खास बात मानी जा रही है।

2 करोड़ के बजट पर 46 करोड़ की कमाई

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘हनुमान अंश’ को करीब 2 करोड़ रुपये के बजट में बनाया गया है। फिल्म अब तक लगभग 46 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर चुकी है। यानी फिल्म अपनी लागत के मुकाबले करीब 23 गुना ज्यादा कमाई कर चुकी है।

कम बजट में बनी इस फिल्म की बॉक्स ऑफिस सफलता इसलिए भी खास है, क्योंकि शुरुआत में इसे लेकर दर्शकों की दिलचस्पी काफी कम नजर आ रही थी। लेकिन तीसरे सप्ताह से बदली तस्वीर ने फिल्म को एक बड़ी स्लीपर हिट में बदल दिया।

Related Articles

Back to top button