राहुल गांधी का चुनाव आयोग पर तीखा हमला- वोट चोरी का मकसद सिर्फ BJP की जीत और लोकतंत्र का अंत; महाराष्ट्र-बंगाल के आंकड़े किए पेश

नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी और चुनाव आयोग पर तीखा हमला करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक बड़ा पोस्ट किया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी और ‘वोट चोरी आयोग’ के तरीके बदलते रहते हैं और आगे भी बदलते रहेंगे, लेकिन मकसद हमेशा एक ही है—किसी भी कीमत पर बीजेपी की जीत और भारत के लोकतंत्र का अंत।

महाराष्ट्र और बंगाल का हवाला

राहुल गांधी ने महाराष्ट्र 2024 का जिक्र करते हुए कहा कि लोकसभा और विधानसभा चुनाव के बीच अचानक 39 लाख नए वोटर जोड़े गए। उन्होंने कहा, “मैंने तब भी कहा था और आज भी कहता हूं कि यह वोट चोरी थी।”

इसी तरह बंगाल 2026 का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि SIR में जिन नामों को काटा गया, उनमें से 91 प्रतिशत नाम अपील के बाद वापस जोड़ने पड़े। यानी हर 10 में से 9 नाम गलत तरीके से हटाए गए और नाम चुनाव के बाद ही वापस जोड़े गए। उन्होंने इसे भी वोट चोरी करार दिया।

महाराष्ट्र में 2.07 करोड़ वोटर बाहर

कांग्रेस नेता ने कहा कि अब महाराष्ट्र में 2.07 करोड़ मतदाताओं को ड्राफ्ट लिस्ट से बाहर कर दिया गया है, यानी हर पांचवां वोटर। उन्होंने आंकड़े पेश करते हुए लिखा कि लोकसभा 2024 में 9.29 करोड़, विधानसभा 2024 में 9.7 करोड़ और एसआईआर 2026 में 7.78 करोड़ मतदाता थे।

उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर कौन सी लिस्ट सही थी? राहुल गांधी ने कहा कि वोट चोरी से बनी सरकार के लिए जनता जरूरी नहीं होती, इसीलिए यह सरकार न तो जनता की सुनती है और न ही उनका आदेश मानती है।

Related Articles

Back to top button