मथुरा में CM योगी का बड़ा बयान, बोले- यूपी अब कर्फ्यू और दंगा मुक्त, उत्सव बनी पहचान

उत्तर प्रदेश के मथुरा में 1,051 करोड़ रुपये की लागत से 229 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा सियासी संदेश दिया। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक विकास को केवल बिजली और पानी के नजरिए से देखने की कोशिश की गई और विकास के नाम पर हमारी विरासत का अपमान किया गया।

विदेशी आक्रांताओं ने विरासत मिटाने की कोशिश की- योगी

सीएम योगी ने कहा कि विदेशी आक्रांताओं ने भारत की विरासत को नष्ट करने का प्रयास किया, जबकि अंग्रेजों ने तो इस सीमा को भी पार कर दिया। उन्होंने कहा कि कोई भी प्रदेश अपनी स्मृतियों, संस्कृति और जड़ों को खोजने से जाना जाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब हम अपनी विरासत की बात करते हैं तो इतिहास को समझना जरूरी है। भारत का इतिहास सनातन की निरंतरता का इतिहास है। देश ने कई विदेशी आक्रमण सहे, लेकिन कोई भी हमारी स्मृति और परंपरा को मिटा नहीं पाया। यही सनातन की शक्ति और ब्रज की पहचान है।

काशी और अयोध्या का दिया उदाहरण

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने काशी और अयोध्या का उदाहरण देते हुए कहा कि काशी में मंदिर को औरंगजेब ने तोड़ दिया था, लेकिन परंपरा कभी समाप्त नहीं हुई। आज काशी विश्वनाथ धाम अपनी भव्यता के लिए जाना जाता है।

उन्होंने कहा कि इसी तरह अयोध्या में भी मंदिर को तोड़कर मस्जिद का ढांचा बनाया गया, लेकिन सनातन की भावना निरंतर आगे बढ़ती रही और आज अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हो चुका है।

सीएम योगी ने कहा कि भारत को समझने के लिए उन पूज्य संतों और क्रांतिकारियों के जीवन और योगदान को पढ़ना होगा, जिन्होंने इस परंपरा को जीवित रखने का काम किया।

बोले- यूपी अब कर्फ्यू मुक्त

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश कर्फ्यू मुक्त है। उन्होंने कहा कि 5 करोड़ की संख्या में कांवड़ यात्रा निकली। जून 2016 में जवाहर बाग की घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इसमें 29 लोगों की मौत हुई थी।

सीएम योगी ने कहा कि मेरठ और लखनऊ में दंगे होते थे, लेकिन आज पिछले साढ़े 9 सालों से यूपी दंगा और कर्फ्यू से मुक्त है। उन्होंने कहा कि उत्सव अब प्रदेश की पहचान बन चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यही वास्तव में परिवर्तन है।

Related Articles

Back to top button