मेरठ में नकली सिगरेट फैक्ट्री का भंडाफोड़, लाखों की ब्रांडेड सिगरेट और कच्चा माल बरामद

मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में पुलिस ने नकली सिगरेट बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के दूधली गांव में पुलिस ने छापेमारी कर बड़ी मात्रा में बनी और अधबनी नकली सिगरेट बरामद की है। मौके से नकली सिगरेट तैयार करने में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल और कई उपकरण भी पुलिस के हाथ लगे हैं।

बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में नामी ब्रांड के नाम पर नकली सिगरेट तैयार की जा रही थी। छापेमारी के दौरान पुलिस को लाखों रुपये कीमत की नकली ‘ब्रांडेड’ सिगरेट मिली। इसके अलावा सिगरेट बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल और अन्य उपकरण भी बरामद किए गए हैं।

जानकारी के मुताबिक, इस फैक्ट्री के संचालन से दिल्ली निवासी रवि का नाम सामने आ रहा है। पुलिस अब आरोपी रवि की तलाश में जुटी है। हालांकि, छापेमारी के दौरान पुलिस को मौके पर रवि नहीं मिला। वहां केवल चार कर्मचारी मौजूद थे। सिगरेट कंपनी के मैनेजर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने दूधली गांव स्थित फैक्ट्री पर छापा मारा। पुलिस ने मौके से बरामद सामान को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नकली सिगरेट तैयार करने के बाद इन्हें किन इलाकों में सप्लाई किया जाता था और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। आरोपी रवि की गिरफ्तारी के बाद मामले में और भी खुलासे होने की उम्मीद है ।

Related Articles

Back to top button