2027 चुनाव से पहले केशव मौर्य का अखिलेश-राहुल पर हमला, बोले- सपा किसी भी हालत में BJP को चुनौती देने की स्थिति में नहीं

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि 2027 यूपी विधानसभा चुनाव में सपा भाजपा को चुनौती देने की स्थिति में नहीं है।

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। केशव प्रसाद मौर्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर दावा किया कि अखिलेश यादव और राहुल गांधी अपने-अपने दलों के लिए भाजपा से लड़ने के लिए लाठी भांज रहे हैं, लेकिन दोनों दलों के बाकी नेता मानते हैं कि उनके नेता हारी हुई लड़ाई लड़ रहे हैं।

केशव प्रसाद मौर्य ने यूपी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर दावा किया कि जमीनी सच्चाई यह है कि सपा किसी भी हालत में भाजपा को चुनौती देने की स्थिति में नहीं है। उन्होंने कहा कि 2022 की तुलना में आज सपा की हालत और भी खराब है। मौर्य ने अखिलेश यादव के दोबारा मुख्यमंत्री बनने के सपने पर भी निशाना साधते हुए कहा कि यह सपना 2047 तक सच होता नहीं दिखता।

डिप्टी सीएम ने राहुल गांधी पर भी हमला बोला। उन्होंने राहुल गांधी की राजनीतिक भूमिका को लेकर कहा कि उनकी ‘यंग्री यंगमैन’ की भूमिका बेअसर है और वह अपनी ही पार्टी पर प्रभाव डालने में नाकाम रहे हैं।

केशव प्रसाद मौर्य ने भाजपा की चुनावी स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि लगातार विरोध के बावजूद भाजपा ने पश्चिम बंगाल और ओडिशा में अपना झंडा गाड़ दिया, जहां वह सत्ता में नहीं थी। उन्होंने दावा किया कि आने वाले वक्त में पंजाब और हिमाचल भाजपा के रडार पर हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में भाजपा फिर सरकार बनाएगी। केशव प्रसाद मौर्य ने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकारों द्वारा जनहित में किए गए कार्यों और भाजपा के लगातार मजबूत होने का नतीजा बताया।


Related Articles

Back to top button