किदवई नगर में टूटी सड़क पर हादसा,बाइक सवार व्यापारी का पैर टूटा,आक्रोशित व्यापारियों ने ‘शंखनाद’ कर मांगा मुआवजा

उत्तर प्रदेश के कानपुर स्थित किदवई नगर में सीएम ग्रिड (CM Grid) योजना के तहत बनाई जा रही सड़क की घोर बदहाली ने स्थानीय लोगों और व्यापारियों का गुस्सा भड़का दिया है। क्षतिग्रस्त और खस्ताहाल सड़क के कारण बाइक सवार व्यापारी सुनील मिश्र गंभीर रूप से दुर्घटनाग्रस्त हो गए, जिससे उनके दाहिने पैर में दो जगह गंभीर फ्रैक्चर आया है।

हैरान करने वाली बात यह रही कि ऑपरेशन के लिए अस्पताल ले जाते समय आक्रोशित व्यापारियों ने पीड़ित सुनील मिश्र के साथ एच-2 ब्लॉक स्थित दुर्घटनास्थल पर ही रुककर ‘शंखनाद’ किया और नगर निगम व स्थानीय प्रशासन के खिलाफ अनोखा विरोध प्रदर्शन दर्ज कराया।

भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रदेश अध्यक्ष ज्ञानेश मिश्र के नेतृत्व में व्यापारियों ने नगर आयुक्त को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से घायल व्यापारी के इलाज के पूरे खर्च और दुर्घटना के कारण हुए व्यापारिक नुकसान की भरपाई के लिए उचित मुआवजे की मांग की गई है। साथ ही व्यापार मंडल ने प्रशासन को कड़ा अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि दीपावली से पहले मार्बल मार्केट से के-ब्लॉक तक सड़क का निर्माण कार्य हर हाल में पूरा किया जाए और मार्ग को सुरक्षित बनाया जाए।

Related Articles

Back to top button