शादी के 4 महीने बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, फांसी के फंदे पर लटका मिला शव

महोबा के रामनगर मोहल्ले में शादी के महज चार महीने बाद 20 वर्षीय नवविवाहिता पूर्वी की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे से लटककर मौत हो गई। घटना के बाद ससुरालजन आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही मायके पक्ष में कोहराम मच गया। परिजनों के मुताबिक, दोपहर तक पूर्वी वीडियो कॉल पर हंसती-बोलती नजर आ रही थी। इसके कुछ ही देर बाद उसकी मौत की खबर मिलने से मायके वाले हैरान रह गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

कमरे में फंदे पर लटका मिला शव

महोबा शहर कोतवाली क्षेत्र के रामनगर मोहल्ले में पूर्वी का शव उसके कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला। पूर्वी श्रीनगर थाना क्षेत्र के कैमाहा गांव निवासी रामकुमार तिवारी की बेटी थी। उसका विवाह 3 मई 2026 को रामनगर निवासी हिमांशु गंगेले के साथ हुआ था।

घटना के समय पूर्वी के पति हिमांशु घर पर मौजूद नहीं थे। हिमांशु के मुताबिक, पूर्वी शाम को चाय बनाने के लिए कमरे में गई थी। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर जब कमरे में देखा गया तो वह फंदे पर लटकी मिली।

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने मृत घोषित किया

परिजन पूर्वी को तुरंत जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड लेकर पहुंचे। वहां तैनात डॉक्टर दीपक ने चिकित्सीय परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया।

दोपहर में वीडियो कॉल पर सामान्य दिख रही थी पूर्वी

मायके पक्ष के मुताबिक, मंगलवार दोपहर करीब 4 बजे पूर्वी ने अपनी भाभी से वीडियो कॉल पर बात की थी। उस दौरान वह सामान्य और खुश नजर आ रही थी। इसके करीब एक घंटे बाद शाम 5 बजे उसकी आत्महत्या की खबर मिलने से परिवार के लोग स्तब्ध रह गए।

मायके पक्ष के रिश्तेदार राजकुमार वाजपेयी ने बताया कि अभी तक उनकी ससुराल पक्ष से सीधी बातचीत नहीं हो सकी है और उन्होंने शव को भी ठीक से नहीं देखा है।

पति का दावा- घर में नहीं हुआ कोई विवाद

पूर्वी के पति हिमांशु का दावा है कि घर में किसी तरह का कोई विवाद नहीं हुआ था। उन्होंने कहा कि आत्महत्या की वजह उनकी समझ से परे है।

वहीं, अचानक हुई इस घटना से पूर्वी के माता-पिता गहरे सदमे में हैं और फिलहाल कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं हैं।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का कारण

जिला अस्पताल के डॉक्टर दीपक ने बताया कि परिजन महिला को अचेत अवस्था में अस्पताल लेकर आए थे। चिकित्सीय परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया। कोतवाली पुलिस को मेमो भेज दिया गया है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Related Articles

Back to top button