कन्नड़ भाषी डॉक्टर अनीता मिश्रा की अवधी सुनकर मरीज भूल जाते हैं बीमारी, अमिताभ बच्चन ने भी की जमकर तारीफ

गोंडा। उत्तर प्रदेश के गोंडा में एक ऐसी डॉक्टर हैं, जिनकी मातृभाषा कन्नड़ है, लेकिन वह अपने मरीजों से अवधी में बातचीत करती हैं। यही उनकी पहचान बन गई है। स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अनीता मिश्रा मूल रूप से कर्नाटक के मंगलूर जिले की रहने वाली हैं। तुलु और कन्नड़ भाषी परिवार से आने वाली अनीता ने शादी के बाद गोंडा को अपना घर बनाया और आज यहां उनका अपना नर्सिंग होम है, जहां बड़ी संख्या में महिला मरीज इलाज के लिए आती हैं। उनकी खासियत सिर्फ चिकित्सा अनुभव नहीं, बल्कि मरीजों की भाषा में उनसे जुड़ना है।

कैसे सीखी अवधी?

डॉ. अनीता ने भारत समाचार के फाउंडर ब्रजेश मिश्रा के Podcast With Brajesh Misra में बताया कि जब उनकी पोस्टिंग गोंडा में हुई, तब उन्हें हिंदी नहीं आती थी। यहां आने के बाद उन्हें हिंदी सीखनी पड़ी, लेकिन असली दिक्कत तब आई जब मरीज अवधी में बोलने लगे। उन्होंने कहा, “गोंडा में जो मरीज आते थे, वो हिंदी कम और अवधी ज्यादा बोलते थे, तो मुझे अवधी सीखनी पड़ी। आज मैं बहुत बढ़िया अवधी बोलती हूं और यह मेरी फेवरेट है।”

ये हैं मरीजों के अवधी डायलॉग्स

डॉ. अनीता ने बताया कि मरीज अपनी बीमारी के लक्षण कैसे बयां करते हैं। जैसे ‘अखियाँ फड़फड़ात है’, ‘हथवा झनझनात है’, ‘मूड़ पीरात है’, ‘करेजवा जरत है’, ‘कनवा सन्न सन्न होत है’, ‘कनवा कुकुआत है’, ‘गटई पिरात है’। इन डायलॉग्स को लेकर डॉ. अनीता इंटरनेट पर खूब वायरल हो रही हैं।

कैसे पहुंचीं गोंडा?

डॉ. अनीता की मुलाकात मेडिकल की पढ़ाई के दौरान मनिपाल यूनिवर्सिटी में अपने सीनियर डॉ. पुण्योदय मिश्रा से हुई। दोनों में प्यार हुआ और शादी हो गई। अनीता को उम्मीद थी कि शादी के बाद विदेश में बसेंगी, लेकिन इकलौते बेटे की बहू को सास-ससुर की इच्छा के चलते गोंडा में ही बसना पड़ा।

दोनों ने यहीं मेडिकल प्रैक्टिस शुरू की। डॉ. अनीता को हिंदी नहीं आती थी, लेकिन उन्होंने पहले हिंदी सीखी, फिर अवधी सीखी और अवधी बोलने वाले मरीजों ने उन्हें अपने प्यार में बांध लिया। आज डॉ. अनीता को गोंडा में बसने का कोई अफसोस नहीं है।

अमिताभ बच्चन ने भी की तारीफ

सदी के महानायक अमिताभ बच्चन ने भारत समाचार के एडिटर-इन-चीफ ब्रजेश मिश्रा के साथ डॉ. अनीता मिश्रा का पॉडकास्ट देखा और अपने खास अंदाज में प्रतिक्रिया दी। अमिताभ ने सोशल मीडिया पर अवधी में लिखा, “एक ठो चैनल पे, अवधी बोले देखे भैया… हँसत हँसत… पेटवा में दर्द मारे…” यह पोस्ट भी तेजी से वायरल हो रही है।

Related Articles

Back to top button