
नई दिल्ली। ब्रिक्स सम्मेलन में शामिल होने आ रहे विदेशी मेहमानों के सामने भारत अपनी पाक विरासत का अनोखा रंग पेश करने जा रहा है। दिल्ली के पांच सितारा होटलों से लेकर भारत मंडपम तक के मेन्यू में देश के अलग-अलग हिस्सों का स्वाद उतारने की तैयारी की गई है।
एक प्लेट में दिखेगा पूरा भारत
मेन्यू में बाजरा, ज्वार और रागी जैसे श्री अन्न से बने पारंपरिक व्यंजन शामिल किए गए हैं। रागी डोसा, बाजरा उपमा और मिलेट पोंगल के साथ मौसमी फल, नारियल पानी और ताजा छाछ भी मेहमानों को परोसी जाएगी। दोपहर की थाली में गुजराती और राजस्थानी थाली के साथ साउथ इंडियन स्वाद रहेगा। वहीं, कश्मीरी पुलाव, दक्कनी तड़का, हैदराबादी वेज और नॉनवेज बिरयानी तथा दक्षिण भारतीय स्ट्यू भी मेन्यू का हिस्सा होंगे। यानी हर मेहमान को भारत के किसी न किसी हिस्से की पाक परंपरा से रूबरू होने का मौका मिलेगा।
विदेशी पसंद के हिसाब से बदलेगा स्वाद
तैयारियों से जुड़े एक होटल अधिकारी के मुताबिक, मेहमान देशों के खानपान और डाइट को ध्यान में रखते हुए भारतीय स्वाद और विदेशी पसंद का फ्यूजन तैयार किया जा रहा है। लाइव कुकिंग काउंटर पर बिना तेल-मसाले का कस्टमाइज्ड कॉन्टिनेंटल नाश्ता भी उपलब्ध रहेगा, ताकि मेहमान की जरूरत के मुताबिक खाना वहीं तैयार हो सके। भारत मंडपम में विदेश मंत्री एस. जयशंकर की ओर से दिए जाने वाले रात्रिभोज में भी यह पाक विविधता दिखेगी, जहां अलग-अलग राज्यों के खानसामे मिलकर देश की थाली तैयार करेंगे।
वीवीआईपी मेहमानों के लिए खास इंतजाम
लुटियंस दिल्ली के प्रमुख होटलों में भी ब्रिक्स मेहमानों की मेजबानी की तैयारियां जोरों पर हैं। ताज महल होटल, ताज पैलेस, आईटीसी मौर्या, द लीला पैलेस, द ओबेराय, शांग्री-ला और द ललित में वीवीआईपी ब्लॉक बुक हो चुके हैं। द ललित में रूस, चीन, संयुक्त अरब अमीरात, दक्षिण अफ्रीका समेत अन्य देशों के प्रतिनिधिमंडलों के लिए अलग ब्लॉक आरक्षित किए गए हैं। वहीं, कई होटलों में ब्राजील, रूस, चीन, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, ईरान, यूएई और सऊदी अरब के शीर्ष नेताओं और राजनयिकों की मेजबानी की तैयारी है।
कबाब और तंदूरी से सजेगा मेन्यू
भारतीय स्वाद की पहचान को भी मेन्यू में खास जगह दी गई है। विदेशी राष्ट्राध्यक्षों के लिए लखनवी कबाब, तंदूरी डिशेज और धीमी आंच पर पकी भारतीय ग्रेवी वाले व्यंजन तैयार किए जाएंगे। प्रतिनिधिमंडलों की धार्मिक और निजी प्राथमिकताओं को देखते हुए शुद्ध शाकाहारी और मांसाहारी व्यंजनों के लिए अलग-अलग सेक्शन बनाए गए हैं और दोनों के लिए समर्पित किचन की व्यवस्था की गई है।
खाद्य सुरक्षा पर सख्त पहरा
इस खास मेन्यू के पीछे खाद्य सुरक्षा की भी कड़ी व्यवस्था है। भारतीय खाद्य संरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) की ओर से होटलों में इस्तेमाल होने वाले कच्चे सामान, मसालों और बेकरी आइटम्स की नियमित लैब टेस्टिंग कराई जा रही है। पांच सितारा होटलों के किचन पर निगरानी बढ़ा दी गई है और खाद्य सुरक्षा को लेकर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है। विशेष खाद्य सुरक्षा अधिकारी और सूक्ष्मजीव विज्ञानी तैनात किए जा रहे हैं, जो खाना मेहमानों तक पहुंचने से ठीक पहले उसकी गुणवत्ता और स्वच्छता की जांच करेंगे।









